![]()
जामताड़ा पुलिस को साइबर ठगी के खिलाफ सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड और गिफ्ट वाउचर का इस्तेमाल कर लोगों को ठगने वाले गिरोह के दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। साइबर डीएसपी अमित रविदास ने बताया कि एसपी शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक खास टीम बनाई गई और छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मुस्ताक अंसारी (23), और मोहम्मद अमजद अंसारी को पकड़ा गया। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे फर्जी सिम कार्ड के जरिए साइबर ठगी करते थे। वे आधे दाम पर गिफ्ट वाउचर खरीदकर ऑनलाइन खरीदारी में उनका इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि फर्जी सिम कार्ड और गिफ्ट वाउचर की खरीद-बिक्री का नेटवर्क कहां से चलता है और यह सिंडिकेट किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है। इस मामले में साइबर थाना में केस नंबर 56/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।
फर्जी सिम और गिफ्ट वाउचर से ठगी, दो गिरफ्तार:तीन मोबाइल और तीन सिम कार्ड बरामद, पुलिस पूरे सिंडिकेट की तलाश में जुटी
