![]()
जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र से अगवा किए गए तीन साल के आर्यन महानंद को पुलिस ने छह घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला है। बच्चे को पश्चिम बंगाल पुलिस की मदद से खड़गपुर स्टेशन के पास से बरामद किया गया। इस मामले में आरोपी असलम खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि 4 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे समीर महानंद के तीन साल के बेटे आर्यन महानंद का अपहरण कर लिया गया था। कुंती महानंद की शिकायत पर बर्मामाइंस थाने में केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। तकनीकी और मानवीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने बच्चे का पीछा करते हुए पश्चिम बंगाल तक पहुंच बनाई। बंगाल पुलिस की मदद से खड़गपुर स्टेशन के पास से आर्यन को सकुशल ढूंढ लिया गया। पुलिस ने इस मामले में कैरेज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती के रहने वाले 42 साल के असलम खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, असलम खान का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह बच्चों को चोरी करके मुंबई ले जाता था और वहां उन्हें बेच देता था।
जमशेदपुर में अपहृत बच्चा 6 घंटे में बरामद:पुलिस ने पश्चिम बंगाल से पकड़ा; आरोपी गिरफ्तार, बच्चों को बेच देता था
