![]()
अररिया में युवाओं को रोजगार देने के लिए 9 सितंबर, बुधवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला लगेगा। जिला नियोजनालय, अररिया इसका आयोजन कर रहा है। यह रोजगार मेला संयुक्त श्रम भवन, अररिया के परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें बिहार सहित देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाली कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर देंगी। कई क्षेत्रों की कंपनियां लेंगी भाग जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार, मेले में कई क्षेत्रों की कंपनियां और नियोजक भाग लेंगे। मैट्रिक, केओईपी, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक और एमवीए जैसी योग्यता वाले युवक-युवतियां अपनी पढ़ाई और कौशल के हिसाब से रोजगार ढूंढ सकेंगे। इस मेले का मकसद सिर्फ नौकरी देना नहीं है, बल्कि युवाओं को रोजगार से जुड़े अलग-अलग विकल्प और करियर की संभावनाओं के बारे में बताना भी है। यहां आने वाले युवाओं को नौकरी के अवसरों के साथ-साथ व्यावसायिक मार्गदर्शन भी मिलेगा। इससे उन्हें अपनी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और रुचि के अनुसार बेहतर करियर विकल्प चुनने में मदद मिलेगी। बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए अच्छा मौका जिला नियोजनालय ने जिले के ज्यादा से ज्यादा योग्य बेरोजगार युवक-युवतियों से मेले में भाग लेने की अपील की है। नियोजनालय ने कहा है कि ऐसे युवा इस अवसर का लाभ उठाकर विभिन्न कंपनियों के सामने अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर रोजगार पाने की कोशिश कर सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, रोजगार मेले में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता से संबंधित जरूरी दस्तावेज साथ लाने चाहिए। मेले से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार जिला नियोजनालय, अररिया से संपर्क कर सकते हैं।
अररिया में 9 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला:मैट्रिक से बीटेक तक के युवाओं को मिलेंगे अवसर; दूसरे राज्यों की कंपनियां भी होंगी शामिल
