![]()
हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में अवैध संबंध के विवाद को लेकर एक राजमिस्त्री की लाठी-डंडे और ईंट से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शाहपुर गांव निवासी 45 वर्षीय जागेश्वर भुइयां के रूप में हुई है। इस घटना में एक महिला के साथ भी मारपीट की गई, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। डीएसपी मुख्यालय ज्ञान रंजन ने बताया कि यह घटना छह सितंबर की रात हुई थी। जागेश्वर भुइयां पास के माडीगढ़ा गांव में मकान प्लास्टर का काम करने गए थे। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। रात करीब 10 बजे परिजनों को खबर मिली कि कुछ लोग जागेश्वर के साथ मारपीट कर रहे हैं। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कुछ लोग जागेश्वर को लाठी-डंडे और ईंट से पीट रहे थे। परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल परिजनों ने बताया कि उन्होंने जागेश्वर को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनकी बात नहीं सुनी। उन्होंने बचाव करने आए लोगों को भी जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों के इकट्ठा होने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। गंभीर रूप से घायल जागेश्वर को परिजन तुरंत कटकमसांडी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बताया। मृतक की पत्नी फूलमती देवी की शिकायत पर कटकमसांडी थाना में केस नंबर 140/26 दर्ज किया गया। एसपी के निर्देश पर मामले को सुलझाने और आरोपियों को पकड़ने के लिए मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन की अगुवाई में एक एसआईटी बनाई गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप और रतन कुजूर को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि मृतक का एक महिला से अवैध संबंध था। घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हजारीबाग में अवैध संबंध को लेकर राजमिस्त्री की हत्या:लाठी-डंडे और ईंट से पीटकर मारा, पत्नी की शिकायत पर 2 आरोपी गिरफ्तार
