![]()
दानापुर में गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार शाम भगवान गणेश की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान से की गई। इसके बाद विशेष आरती कर प्रतिमा का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया। पट खुलते ही भगवान गणेश के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा नगर “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष और भक्ति गीतों से गूंज उठा। नगर के पेठिया बाजार, हड़िया बाजार और काली स्थान में राइजिंग क्लब व्यापार संघ ने महाराष्ट्र की तर्ज पर दस दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन किया है। इस मौके पर आकर्षक पंडाल बनाया गया है, जिसमें भगवान गणेश की सुंदर प्रतिमा स्थापित की गई है। इस साल पंडाल में एक खास थीम तैयार की गई है। इसमें भगवान विष्णु के अवतार में मां धरती की रक्षा करते हुए दिखाया गया है। वहीं दूसरी ओर भगवान शिव और उनके पूरे परिवार के दर्शन भी श्रद्धालु कर पा रहे हैं। पंडाल की सुंदर बिजली की सजावट श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आचार्य गोपाल कुमार मिश्र ने बताया कि गौरी-गणेश की पूजा-अर्चना विधि-विधान से की गई। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा कर भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाया गया। विशेष आरती के बाद प्रतिमा का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया। आयोजक ओम प्रकाश यादव उर्फ चिन्ना लाल ने बताया कि पेठिया बाजार काली स्थान में साल 1990 से महाराष्ट्र की तर्ज पर दस दिवसीय गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में भगवान गणेश की करीब पांच फीट की प्रतिमा स्थापित की जाती थी, जो अब बढ़कर 15 फीट की हो गई है। क्लब के उपाध्यक्ष रंजन कुमार यादव ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिए पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस मौके पर दानापुर कैंटोनमेंट के सीईओ, समाजसेवी प्रियंका कुमारी, दिलीप गुप्ता, संजय पाठक समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
दानापुर में महाराष्ट्र की तर्ज पर दस दिवसीय गणेशोत्सव शुरू:भगवान गणेश की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा, दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी
