![]()
औरंगाबाद जिले की नित्या पांडेय ने बॉक्सिंग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। अंडर-15 राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 55 किलोग्राम भार वर्ग में नित्या ने गोल्ड मेडल जीता। औरंगाबाद लौटने पर सदर एसडीएम गौरव सिंह ने उन्हें सम्मानित किया और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बॉक्सिंग कोच अखिल राज को भी सम्मानित किया गया। एसडीएम गौरव सिंह ने कहा कि नित्या ने मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। जिले की एक बेटी का बॉक्सिंग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि नित्या की सफलता से जिले के दूसरे खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। 2023 में खेलो इंडिया सेंटर से शुरू किया प्रशिक्षण नित्या औरंगाबाद जिले के पिपरा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में औरंगाबाद के खेलो इंडिया स्माल सेंटर बॉक्सिंग से प्रशिक्षण शुरू किया था। प्रशिक्षक अखिल राज के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास करते हुए उन्होंने अपनी तकनीक और खेल क्षमता को बेहतर किया। लगातार अभ्यास और प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के बाद नित्या ने अंडर-15 वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया। ताशकंद में भारत की ओर से खेलीं राष्ट्रीय स्तर पर सफलता के बाद नित्या को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। उन्होंने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित अंडर-15 एशियाई चैंपियनशिप में भारत की ओर से हिस्सा लिया। कोच अखिल राज ने बताया कि नित्या शुरू से ही बॉक्सिंग में काफी मेहनत करती रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नित्या आगे भी बेहतर प्रदर्शन करेंगी। नित्या की उपलब्धि से यह भी सामने आता है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन सम्मान समारोह में एसडीएम गौरव सिंह ने खेल योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के साथ रोजगार से जुड़े अवसर देने पर भी जोर दिया जा रहा है। उनके मुताबिक, ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी पहल से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ रहा है। एसडीएम ने कहा कि औरंगाबाद में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और उचित मंच मिले। राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली नित्या की उपलब्धि से जिले के खेल प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ा है।
औरंगाबाद की नित्या ने बॉक्सिंग में लहराया परचम:अंडर-15 राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, ताशकंद में भारत का किया प्रतिनिधित्व, एसडीएम ने किया सम्मानित
