
कोलकाता/खड़गपुर से प्रभात खबर टीम
बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन CPI (माओवादी) के शीर्ष नेता असीम मंडल उर्फ ‘आकाश’ को पूर्व मेदिनीपुर जिले के पोटाशपुर से गिरफ्तार किया है. आकाश को गुरुवार सुबह पोटाशपुर के नैपुर इलाके से पकड़ा गया. वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचता रहा था. जांच से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, असीम मंडल का ससुराल पोटाशपुर में है और वह हाल में एक व्यक्ति की मदद से भेष बदलकर वहां पहुंचा था.
दो बैग से मिले ये सामान
STF की कार्रवाई के बाद स्थानीय जिला पुलिस ने फिलहाल मामले पर कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. जांच एजेंसियां गिरफ्तारी के बाद उसके संपर्कों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हैं. पुलिस का दावा है कि असीम मंडल के पास से दो बैग, कुछ किताबें और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुए हैं. इन सामानों की भी जांच की जा रही है.
मुख्यमंत्री ने X पर दी गिरफ्तारी की जानकारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट कर असीम मंडल की गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने कोलकाता पुलिस STF के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्रवाई की सराहना करते हुए दावा किया कि STF ने CPI (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी के सदस्य और वेस्ट बंगाल स्टेट कमेटी-1 के सचिव असीम मंडल उर्फ आकाश को पोटाशपुर के लालोट इलाके से ट्रैक कर गिरफ्तार किया है.
15 वर्षों थी आकाश की तलाश
मुख्यमंत्री के अनुसार, आकाश 15 वर्षों से अधिक समय से सुरक्षा बलों को चकमा दे रहा था. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी सीमाओं के भीतर माओवादी गतिविधियों को फिर से पनपने और फैलने नहीं देगी. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चरमपंथी विचारधारा के कारण राज्य के लोगों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होने दिया जाएगा और ऐसी किसी भी साजिश को विफल करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी. असीम मंडल उर्फ आकाश की गिरफ्तारी को लंबे समय से फरार माओवादी नेतृत्व के खिलाफ STF की महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, गिरफ्तारी और बरामदगी से जुड़े कई बिंदुओं पर पुलिस की आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
दो करोड़ से अधिक के थे इनाम
प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के केंद्रीय कमेटी सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश पर झारखंड और ओडिशा सरकार की ओर से कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था. आकाश पर झारखंड सरकार ने 1 करोड़ रुपये, जबकि ओडिशा सरकार ने 1.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के अनुसार, वह झारखंड के कोल्हान और सारंडा क्षेत्र समेत बंगाल-झारखंड सीमा से लगे इलाकों में लंबे समय से माओवादी गतिविधियों से जुड़ा रहा था. मालूम हो कि चंद्रकोना के फूलचक का रहने वाला है आकाश उर्फ असीम मंडल (64 वर्ष) पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना थाना क्षेत्र के फूलचक गांव का रहने वाला बताया जाता है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
1980 के दशक में बना माओवादी
आकाश 1980 के दशक में छात्र जीवन से ही अति-वामपंथी आंदोलन से जुड़ गया था. बाद में पीपुल्स वार ग्रुप से जुड़ा और वर्ष 2004 में भाकपा (माओवादी) के गठन के बाद संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने लगा.पश्चिम बंगाल के जंगलमहल और पड़ोसी झारखंड में संगठन के विस्तार में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जाती है. लालगढ़ आंदोलन के दौरान भी उसका नाम माओवादी संगठन के प्रमुख चेहरों में लिया गया.बाद में वह संगठन की पश्चिम बंगाल राज्य कमेटी में महत्वपूर्ण पद पर पहुंचा.
The post माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ 'आकाश' पोटाशपुर से गिरफ्तार, 2.20 करोड़ का था इनाम appeared first on Prabhat Khabar.
