![]()
पाकुड़ जिले में विश्वकर्मा पूजा धूमधाम से मनाई गई। जिला मुख्यालय के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी पूजा की धूम देखी गई। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। जिले के बिजली सब स्टेशन, पत्थर क्रशर, कारखानों, अलग-अलग गैरेज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और कोल कंपनियों में भव्य रूप से विश्वकर्मा पूजा की गई। कई जगहों पर पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराई। इस अवसर पर कई जगहों पर पंडाल और भव्य प्रतिमाएं भी स्थापित की गईं। लोगों में काफी उत्साह देखा गया। घरों में भी लोगों ने अपनी बाइक सहित अन्य वाहनों की पूजा की। पाकुड़ शहर के बिजली विभाग के सब स्टेशन में भव्य पंडाल बनाकर प्रतिमा स्थापित की गई, जहां विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। शहर के कई अन्य स्थानों पर भी पंडाल बनाकर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। विश्वकर्मा पूजा को लेकर सुबह से ही शहर समेत पूरे जिले में चहल-पहल रही। सुबह लोगों ने स्नान कर पूजा-अर्चना की। शहर के मोटर गैराज, मालपहाड़ी स्थित क्रशर यूनिट, रेलवे स्टेशन यार्ड और भगत सिंह चौक के पास विश्वकर्मा मंदिर में भी भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की गई। विश्वकर्मा पूजा को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल देखी गई। लोग शहर के बाजार से फल और पूजा सामग्री की खरीदारी करते दिखे। जिले के महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, हिरणपुर, पाकुड़िया के अलावा अमड़ापाड़ा की कोल कंपनी में भी पूरे विधि-विधान के साथ बाबा विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। पाकुड़ जिले में विश्वकर्मा पूजा पूरे धूमधाम से की जाती है। जिले में पत्थर और कोयला के उत्खनन की वजह से लोग पूरे भक्ति भाव से विश्वकर्मा पूजा करते हैं।
पाकुड़ में विश्वकर्मा पूजा की धूम:बिजली सब स्टेशन, क्रशर और गैरेज सहित कई जगहों पर हुई विशेष पूजा-अर्चना
