जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। 12 और 13 सितंबर की रात चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने चोरी, लूट, डकैती और अन्य मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और अभियुक्तों के ठिकानों पर दबिश दी। एसपी अमन कुमार ने जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में कुल 30 विशेष टीमों का गठन किया। इन टीमों में लगभग 117 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई की। कुल 44 अपराधियों को दबोचा। इसमें 34 वारंटों का सफल निष्पादन किया गया। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही, पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध या आपराधिक तत्व छिपा हुआ है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाने को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
