प्रखंड के कटकमदाग पंचायत भवन में बुधवार को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत मतदाता पहचान पत्र में सुधार से संबंधित त्रुटियों के निराकरण को लेकर कैंप लगाया गया। कैंप में कटकमदाग बीडीओ शिव बालक प्रसाद की उपस्थिति में ग्रामीणों के वोटर आईडी कार्ड से संबंधित आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी की गई। कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने मतदाता पहचान पत्र में नाम की त्रुटि, नाम में संशोधन सहित अन्य आवश्यक सुधार कराने के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने निर्धारित फॉर्म के साथ संबंधित दस्तावेज जमा किए। अधिकारियों व संबंधित कर्मियों ने दस्तावेजों की जांच कर आवेदन प्राप्त किए तथा मतदाता सूची में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया की। कटकमदाग पंचायत की मुखिया अंजू देवी ने बताया कि एसआईआर के तहत पंचायत स्तर पर वार्डवार मतदाता पहचान पत्र व मतदाता सूची में सुधार का कार्य किया जा रहा है। फिलहाल पंचायत के वार्ड संख्या 5, 6, 7 और 8 में सुधार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जिन मतदाताओं के नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित कैंप में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज के साथ सुधार के लिए आवेदन जमा करें। केरेडारी|आगामी 21 सितंबर को केरेडारी कृषि फॉर्म मैदान में जेएलकेएम सुप्रीमो टाइगर जयराम महतो के प्रस्तावित आगमन को लेकर बुधवार को पंचायत भवन केरेडारी में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्था तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। बैठक में जेएलकेएम प्रत्याशी रहे बालेश्वर कुमार महतो, जिला उपाध्यक्ष वैद्यनाथ महतो, जिला महासचिव लीलाधन महतो, जिला समिति सदस्य तिलेश्वर महतो, पंचायत अध्यक्ष बसंत यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष मिस्टर आजाद, सदस्य देवलाल महतो, कृष्णा कुमार महतो, जागेश्वर महतो, प्रदीप महतो तथा वर्षा कुमारी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने 21 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में तेजी लाने पर जोर दिया।

