पटना से रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन के आगे कैटल गार्ड के पास करीब 50 वर्षीय महिला का कटा हुआ सिर मिलने से शनिवार को बोकारो रेलवे स्टेशन पर सनसनी फैल गई। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन रुकने के बाद चालक ने वॉकी-टॉकी से कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने इंजन की जांच की और कैटल गार्ड से सिर बरामद किया गया। पंचनामा के बाद जीआरपी ने उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कटा सिर मिलने के कारण बोकारो रेलवे स्टेशन पर ट्रेन करीब एक घंटे तक खड़ी रही और दोपहर 12:33 बजे रांची के लिए रवाना हुई। जानकारी के अनुसार, गोमो में ट्रेन का चालक बदलता है। वहां दुर्गंध महसूस होने पर मामूली जांच की गई थी। उस समय आशंका जताई गई कि इंजन के आसपास चूहा मर गया होगा। इसके बाद ट्रेन चंद्रपुरा पहुंची तो दुर्गंध और तेज हो गई। बोकारो में चालक ने इंजन के आगे संदिग्ध वस्तु देखे जाने की सूचना कंट्रोल रूम में दी। जांच में मानव सिर मिलने के बाद रेलकर्मियों में हड़कंप मच गया। हत्या के बाद यहां छिपाया गया था सिर स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार नायक के अनुसार ट्रेन करीब 11:35 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची। सिग्नल मिलने के बाद पायलट ने वॉकी-टॉकी से कंट्रोल को सूचना दी, जिसके बाद आरपीएफ और जीआरपी को बुलाकर जांच कराई गई। आरपीएफ ओसी संतोष कुमार ने बताया कि काफी खोजबीन के बाद कैटल गार्ड के समीप करीब 50 वर्षीय महिला का सिर बरामद हुआ। सिर सड़ चुका था। उन्होंने कहा कि सिर रखकर छिपाया गया है। इसकी जांच के लिए रेलवे कंट्रोल में कटे सिर के मिलने की जानकारी दी गई है। अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है कि सिर कैसे वहां पहुंचा। घटना का सबसे अहम पहलू यह है कि सिर ट्रेन के इंजन के आगे वाले हिस्से में कैसे पहुंचा। किस स्टेशन पर इसे वहां रखा गया और महिला की हत्या कहीं और करने के बाद सिर को ट्रेन के इंजन में छिपाया गया या यह किसी अन्य घटना से जुड़ा है। जांच हो रही है कि कि सिर ट्रेन के इंजन के इस हिस्से में कब और कैसे पहुंचा। जीआरपी अब ट्रेन के परिचालन क्रम, इंजन की जांच और आसपास के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज के जरिए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सिर की पहचान भी नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के जरिए पहचान व मौत के कारण का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए रेलवे कंट्रोल को सूचना दी गई है ताकि बिहार के किसी स्टेशन से इसकी जानकारी मिल सके।
