![]()
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक बोलेरो पलट गई। यह हादसा करमाटांड़-मदनकट्टा मुख्य मार्ग पर शकलपुर-शहरजोरी के पास हुआ। मवेशियों से लदी इस बोलेरो (जेएच 15 जी 1899) में सवार दो लोगों और तीन बैलों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के बांकुडीह पंचायत के चिरुडीह निवासी 35 वर्षीय अशरफ अंसारी और 40 वर्षीय रफीक अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 2:30 बजे हुई। पुलिस गश्ती दल को देखकर बोलेरो चालक ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान एक घुमावदार मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित होकर कच्ची मिट्टी में फिसल गई और पलट गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि वाहन में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बोलेरो में कुल पांच मवेशी लदे थे, जिनमें से तीन बैलों की मौत हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी को बोलेरो से बाहर निकाला। थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने जांच में बताया कि बिंदापाथर थाना क्षेत्र के गेडिया गांव निवासी निमाई महतो और पांचू महतो के दो-दो बैल चोरी हुए थे। पुलिस ने बरामद चार बैलों की पहचान संबंधित ग्रामीणों से कराई है। ग्रामीणों ने पुष्टि की है कि ये उनके ही चोरी हुए बैल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों व्यक्ति मवेशी चोरी कर ले जा रहे थे। मामले की जांच अभी जारी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
जामताड़ा में बैल चोरी कर भाग रही बोलेरो पलटी:करमाटांड़ में दो लोगों और तीन बैलों की मौत, पांच मवेशी लदे थे गाड़ी में
