बांका/बौंसी. मंदार पर्वत घूमने गयी युवती के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में बौंसी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस के अनुसार मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पुराने वीडियो के सामने आने के बाद संज्ञान में आया था.
22 सितंबर को पुलिस के संज्ञान में आया था वीडियो
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को सोशल मीडिया के माध्यम से व्हाट्सऐप पर मंदार पर्वत परिसर का एक पुराना वीडियो प्राप्त हुआ था. वीडियो में एक युवती के साथ कुछ युवक कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे थे. सूचना मिलने के बाद बौंसी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वीडियो की जांच की और मंदार पर्वत पहुंचकर उसका सत्यापन कराया. पुलिस जांच में वीडियो को मंदार पर्वत परिसर का पाया गया.
जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की. पुलिस के अनुसार घटना 3 जून की है. युवती अपने दो दोस्तों के साथ मंदार पर्वत घूमने गयी थी. इसी दौरान अब्दुल्ला, नितीश कुमार राय और विकास कुमार ने कथित तौर पर उसका हाथ पकड़कर अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और धमकी दी.
ऑनलाइन 1500 रुपये ट्रांसफर कराने का भी आरोप

पुलिस के अनुसार घटना के दौरान अब्दुल्ला ने पीड़िता के एक दोस्त से ऑनलाइन माध्यम से अपने खाते में 1500 रुपये ट्रांसफर करवाये. इसके बाद युवती और उसके साथियों को वहां से जाने दिया गया. मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया है.
बौंसी थाना कांड संख्या 248/26 के तहत बीएनएस की धारा 74, 75, 76 और 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66ई और 67ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
तीनों आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने नामजद तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस के अनुसार आरोपित सभी बांका जिले के रहने वाले हैं.
क्या कहते हैं एसपी
एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर ली गयी है. इनमें से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के साथ मामले की जांच आगे बढ़ायी जा रही है.
The post मंदार पर्वत पर युवती से बदसलूकी मामले में एक आरोपित गिरफ्तार, तीन युवकों पर केस, छापेमारी जारी appeared first on Prabhat Khabar.
