![]()
बांका के बौंसी थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक मंदार पर्वत पर किशोरी और उसके दोस्तों के साथ छेड़खानी, अश्लील हरकत और मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों की पहचान की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वायरल वीडियो में दिख रही घटना 3 जून की है। पुलिस के अनुसार, किशोरी अपने दो दोस्तों के साथ मंदार पर्वत घूमने आई थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की। पुलिस के मुताबिक, युवकों ने किशोरी और उसके दोस्तों को छोड़ने के एवज में 20 हजार रुपए की डिमांड की थी, बाद में ऑनलाइन 1500 रुपए लिए थे। इसके बाद दोबारा पैसे की मांग की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोबारा पैसे नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। 3 जून को ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। तीन युवकों की पहचान, कुछ साथी हिरासत में वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने अब्दुल्ला, नीतीश कुमार राय और विकास कुमार की पहचान की है। तीनों बाराहाट थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कुछ साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। शुक्रवार को बौंसी अनुमंडल कार्यालय में एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो से जुड़ी घटना 3 जून की है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा पीड़िता से दोबारा पैसे मांगने की बात सामने आई है। एसपी के अनुसार, पैसे नहीं देने पर कथित तौर पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। एसपी ने बताया कि उन्होंने खुद पीड़िता से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली है। पीड़िता ने बातचीत के दौरान पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। फिलहाल हिरासत में लिए गए युवकों के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। 22 सितंबर को पुलिस को मिला था वीडियो बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा को 22 सितंबर को करीब 2:45 बजे सोशल मीडिया सेल के माध्यम से व्हाट्सऐप पर वीडियो मिला था। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने वीडियो की सत्यता और उसके लोकेशन की जांच की। जांच में वीडियो का लोकेशन मंदार पर्वत पाया गया। इसके बाद पुलिस ने अपने बयान पर छह अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मामले में BNS की धारा 74, 75, 76, 3(5) और IT एक्ट की धारा 66E व 67A के तहत केस दर्ज किया गया है। रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वायरल वीडियो में एक युवक किशोरी का हाथ मरोड़ते और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए दिखाई दे रहा है। युवक के हाथ में चप्पल भी नजर आ रही है। वीडियो में ‘हम करेंगे गुंडागर्दी, क्या कर लेगी सरकारी वर्दी’ गाने का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो को रील के रूप में तैयार कर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। वीडियो में 3 सितंबर की तारीख दिखाई दे रही है, जबकि पुलिस की जांच में घटना की तारीख 3 जून सामने आई है। मंदार पर्वत की सुरक्षा पर सवाल मंदार पर्वत परिसर के दुकानदारों ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो और घटना की जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि पर्वत पर ऐसी घटना कब हुई और वीडियो कब वायरल हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। मंदार पर्वत धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाला प्रमुख पर्यटन स्थल है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में किशोरी के साथ हुई घटना का वीडियो सामने आने के बाद पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बांका छेड़खानी कांड-आरोपियों ने ₹1,500 लेकर पीड़ितों को छोड़ा:बांका-मंदार पर्वत पर 3 जून की घटना, ₹20 हजार की थी डिमांड; VIDEO वायरल
