
पश्चिम बंगाल परिवहन निगम (डब्ल्यूबीटीसी) की ‘पूजा परिक्रमा 2026’ पुस्तिका (गाइडबुक) का औपचारिक विमोचन कोलकाता में हुआ. यह विशेष पूजा परिक्रमा सेवाएं 17 से 21 अक्टूबर (महाषष्ठी से विजय दशमी) तक जारी रहेंगी. परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा है कि राज्य में हमारी सरकार बनते ही कोलकाता में 50 नयी वातानुकूलित बसें उतारी गयी हैं. दुर्गापूजा के दौरान और 90 बसें सरकारी बसों के बेड़े में शामिल हो जायेंगी. मंत्री ने कहा कि सभी इलेक्ट्रिक और सीएनजी से चलने वाली अत्याधुनिक बसें होंगी. साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा से पहले बसों का किराया नहीं बढ़ेगा.
लिथियम-आयन बैटरी से री-चार्ज होता है मोटर
बंगाल के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस एक ऐसा आधुनिक वाहन है, जो पारंपरिक डीजल या सीएनजी की बजाय पूरी तरह से बिजली (विद्युत ऊर्जा) से चलती है. इसमें आंतरिक इंजन की जगह एक या अधिक इलेक्ट्रिक मोटर और उन्हें पावर देने के लिए री-चार्ज होने वाली लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल किया जाता है.
कोलकाता और आसपास के इलाकों के लिए वाटर-वे की तैयारी
मंत्री ने कहा कि ट्रांसपोर्ट विभाग कोलकाता और आस-पास के इलाकों के वाटर-वे का इस्तेमाल करके मुंबई के मॉडल पर इस राज्य में ट्रांसपोर्ट सिस्टम को एक्टिवेट करने की पहल कर रहा है. उन्होंने कहा कि वाटर-वे को कोलकाता और आसपास के इलाकों से कैसे जोड़ा जा सकता है, इस पर शुरुआती अध्ययन हो चुका है.
ये भी पढ़ें: सरकारी बस सेवा होगी दुरुस्त, दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता की सड़कों पर दौड़ेंगी 460 नयी बसें
वाटर टैक्सी का क्या है प्लान?
अर्जुन सिंह ने वाटर टैक्सी प्लान के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री द्वारा देखे गये विकसित भारत 2047 योजना के तहत भारत परियोजना का हिस्सा है. इसके तहत कोलकाता में यातायात व्यवस्था को अत्याधुनिक करते हुए नवद्वीप से मेटियाबुर्ज, मेटियाबुर्ज से हावड़ा और हावड़ा से बैरकपुर जैसे विभिन्न रूटों पर वाटर ट्रांसपोर्ट शुरू करने की योजना है.
दुर्गा पूजा में चलेंगे एसी ट्राम
दुर्गा पूजा में पर्यटकों व श्रद्धालुओं के लिए एसी ट्राम चलाये जायेंगे. इतना ही नहीं, विसर्जन के दिन (21 अक्टूबर) गंगा में डबल डेकर जहाजों की सर्विस चालू रहेगी. परिवहन मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार नियमित व वातानुकूलित (एसी) बसें, सीएनजी बसें और जलमार्ग शामिल किये गये हैं. यह सेवा उत्तर और दक्षिण कोलकाता के साथ-साथ शहर के नजदीकी उपनगरीय और ग्रामीण इलाकों की प्रसिद्ध विरासत पूजा को भी कवर करेगी.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में चलेंगी लेट नाइट बसें, अस्पतालों तक पहुंचना होगा आसान
परिवहन मंत्री ने लांच की ‘पूजा परिक्रमा 2026’
इससे पहले परिवहन भवन के टेंट कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में परिवहन व श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने ‘पूजा परिक्रमा 2026’ पुस्तिका का विमोचन किया. इस अवसर पर डब्ल्यूबीटीसी के प्रबंध निदेशक अभिषेक चौरसिया, संयुक्त प्रबंध निदेशक प्रणवेश मंडल, उप प्रबंध निदेशक प्रदीप मजूमदार सहित परिवहन विभाग एवं डब्ल्यूबीटीसी के अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: बारासात-बी गार्डन रूट की बस सेवा कल रहेगी बंद, जानें क्या है वजह
‘पूजा परिक्रमा पैकेज’ की होगी ऑनलाइन बुकिंग
मंत्री ने कहा कि पुस्तिका के विमोचन के साथ ही श्रद्धालु अब पश्चिम बंगाल परिवहन निगम के ऑनलाइन पोर्टल या प्रमुख बस टर्मिनस और डिपो के माध्यम से अपनी पसंदीदा पूजा परिक्रमा पैकेज की बुकिंग आसानी से कर सकते हैं. परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में हमारी सरकार एवं परिवहन विभाग पूजा के दिनों में आप सभी को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए दृढ़संकल्पित है. बंगाल की जनता निश्चिंत होकर पूजा का आनंद ले.
दुर्गा पूजा तक नहीं बढ़ेगा बस का किराया
परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने निजी बस मालिकों के साथ हुई बैठक का हवाला देते हुए साफ किया कि त्योहारों के मौसम में आम जनता पर बोझ नहीं डाला जायेगा. राज्य में निजी बसों के किराये में बढ़ोतरी का फैसला दुर्गा पूजा के बाद ही लिया जायेगा. उन्होंने बस ऑपरेटरों से कहा कि किराया बढ़ाने से पहले यात्रियों को एसी बसों जैसी बेहतर सुविधाएं देनी होंगी.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में बस सिंडिकेट ने दी आंदोलन की चेतावनी, जानें क्या है पूरा विवाद
The post दुर्गा पूजा तक नहीं बढ़ेगा बस किराया, कोलकाता में दौड़ेंगी 90 नयी इलेक्ट्रिक व सीएनजी एसी बसें appeared first on Prabhat Khabar.
