![]()
समस्तीपुर में हुई घटना को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है। प्रशांत किशोर ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार के कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर है और सरकार इस तरह की घटनाओं को लेकर गंभीरता से कार्रवाई करने के बजाय उन्हें हल्का बताने की कोशिश कर रही है। ‘मुखिया अनपढ़ और अपराधी होगा तो कानून-व्यवस्था की कल्पना बेवकूफी’ प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस राज्य का मुखिया अनपढ़ और अपराधी होगा, वहां कानून-व्यवस्था की कल्पना करना बेवकूफी है। यह बयान जन सुराज की ओर से जारी प्रेस नोट में प्रशांत किशोर के हवाले से दिया गया है। उन्होंने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर स्थिति ठीक नहीं है और इसका असर आम लोगों की सुरक्षा पर पड़ रहा है। जदयू-भाजपा के बीच खींचतान का भी लगाया आरोप प्रशांत किशोर ने बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर खींचतान का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि जदयू और भाजपा के बीच चल रही खींचतान के कारण डीजीपी तक तय नहीं हो पा रहा है। उनके मुताबिक, इसका असर प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि अभी यह शुरुआत है और आने वाले समय में हालात और खराब हो सकते हैं। ‘छोटी-मोटी घटना’ वाले बयान पर अशोक चौधरी को घेरा समस्तीपुर की घटना को लेकर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के कथित ‘छोटी-मोटी घटना’ वाले बयान पर भी प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को छोटा या छिटपुट बताना उचित नहीं है। प्रशांत किशोर ने कहा कि जापान या अमेरिका में ऐसी घटना का कोई वीडियो निकालकर दिखा दीजिए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना पर दुख व्यक्त करने और गंभीर कार्रवाई करने के बजाय उसका मजाक उड़ाया जा रहा है। ‘घर की बेटियों के साथ ऐसा होगा तो क्या छिटपुट घटना कहेंगे?’ प्रशांत किशोर ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को केवल आंकड़ों या सामान्य अपराध की श्रेणी में रखकर नहीं देखा जाना चाहिए। अगर ऐसी घटना आपके या हमारे घर की बेटियों के साथ होगी तो क्या इसे छिटपुट या छोटी-मोटी घटना कहा जाएगा? उन्होंने प्रशासन और सरकार से ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल प्रशांत किशोर ने कहा कि किसी भी राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। जब गंभीर घटनाओं के बाद भी सरकार की ओर से संवेदनशीलता और सख्त कार्रवाई के बजाय बयानबाजी होती है, तो इससे लोगों के बीच गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर की घटना को लेकर सरकार को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। पार्टी ने यह भी सवाल उठाया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
'अभी तो शुरुआत है, आगे बहुत कुछ होगा':प्रशांत किशोर ने सरकार को घेरा, कहा- ‘मुखिया अनपढ़ और अपराधी, तो कानून-व्यवस्था की कल्पना बेवकूफी
