प्रखंड क्षेत्र में लगातार चौथे दिन शनिवार को भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा। लगातार खराब मौसम से जनजीवन के साथ-साथ कृषि कार्य भी प्रभावित हुआ है। तेज हवा और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली कर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद शनिवार दोपहर बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल की गई लेकिन इसके बावजूद बिजली नियमित रूप से नहीं आ रही है। कई इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या भी बनी रही। इधर लगातार बारिश का सबसे अधिक असर सब्जियों की खेती पर पड़ रहा है। खेतों में पानी जमा होने और तेज हवा के कारण मिर्च, टमाटर, बैंगन और गोभी की फसल प्रभावित हुई है। तैयार टमाटर के फटने और पौधों में लगे फूल झड़ने से किसानों को उत्पादन में कमी की चिंता सताने लगी है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश और तेज हवाओं का दौर इसी तरह जारी रहा तो सब्जी उत्पादन पर और प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

