
नंदीग्राम से रंजन माईती की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव से पहले पुलिस एक्शन मोड में है. नंदीग्राम पुलिस ने वर्ष 2007 के एक पुराने केस में नंदीग्राम के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शेख शहाबुद्दीन के घर की तलाशी ली. शहाबुद्दीन के नाम पर वर्ष 2007, वर्ष 2009 और वर्ष 2011 में केस दर्ज हुए थे और उन मामलों में वारंट जारी हैं. इसलिए उनके घरों की तलाशी ली गयी. शहाबुद्दीन के परिवार के सदस्यों ने पुलिस की कार्रवाई पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
हालांकि, रेड के दौरान शहाबुद्दीन घर पर नहीं मिले. शहाबुद्दीन के परिवार ने इस मामले पर कुछ भी कहने से मना कर दिया. शहाबुद्दीन के अलावा पुलिस ने रविवार को नंदीग्राम के तृणमूल नेता शेख सूफियान के घर भी दबिश दी. लेकिन वह भी घर पर नहीं मिले. पुलिस ने दोनों के परिवार वालों से कहा कि जब वे घर लौटें, तो उन्हें पुलिस स्टेशन में आकर अधिकारियों से मिलने के लिए कहें.
शेख सूफियान के घर सर्च के लिए पहुंची महिला पुलिस अधिकारी ने उनके परिजनों को वारंट के बारे में विस्तार से बताया. साथ ही कहा कि परिवार के लोगों की उपस्थिति में घर की तलाशी ली गयी. सर्च के दौरान पुलिस को कुछ भी नहीं मिला. जिस व्यक्ति के खिलाफ वारंट जारी है, वह व्यक्ति भी नहीं मिला.
पुलिस की यह कार्रवाई नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले हुई है. यह सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. उन्होंने भवानीपुर सीट को अपने पास रखने का विकल्प चुना.
तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान दे ने चुनावी मुकाबले से अपना नाम वापस ले लिया है. कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 19 साल पुराने 4 गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया था. ये वारंट क्षेत्र में वर्ष 2007 में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान कथित गंभीर अपराधों से जुड़े थे. ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में कांग्रेस को समर्थन दिया है.
The post Watch Video: नंदीग्राम उपचुनाव से पहले एक्शन में पुलिस, 2 तृणमूल नेताओं के घर रेड, इलाके में तनाव appeared first on Prabhat Khabar.
