भास्कर न्यूज|लोहरदगा हिंडाल्को डंपिंग यार्ड में रविवार को स्थानीय मजदूरों की बैठक की गई। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि विगत छह सितंबर से बॉक्साइट डंपिंग यार्ड में कार्यरत मजदूरों द्वारा लगातार धरना प्रदर्शन किया जा रहा है लेकिन कंपनी द्वारा किसी तरह की पहल नहीं की जा रही है। इस संदर्भ में उपायुक्त को भी ज्ञापन के माध्यम से मजदूरों के आंदोलन की जानकारी दी गई। वहीं सर्वसम्मत से निर्णय लिया गया कि कंपनी द्वारा कोई पहल नहीं किए जाने पर आगामी सात अक्टूबर को हिंडाल्को कंपनी मुख्यालय के गेट में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष ने कंपनी से प्रभावित सभी लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। वहीं बताया गया कि आगामी धरना प्रदर्शन की मुख्य मांगों में डंपिंग यार्ड में कार्यरत सभी मजदूरों को रोज़गार देना, रोपवे अविलम्ब बंद करने, स्थानीय बेरोजगारों को नौकरी एवं रोजगार देना, एक अच्छा अस्पताल का निर्माण, एक अच्छा विद्यालय, सीएसआर फंड से क्षेत्र में खर्च करना, शहरी क्षेत्र में लाइट की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, जमीन मालिक को 25 प्रतिशत हिस्सा देना, आदि शामिल है।
