कथारा (बोकारो): सीसीएल कथारा कोलियरी के फेज-1 में सोमवार रात करीब 8 बजे द्वितीय पाली के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। कोलियरी में काम कर रहे व्हील डोजर का टायर अचानक धमाके के साथ फट गया। टायर फटने से गिट्टी और पत्थरों के टुकड़े लगभग 10 फीट दूर खड़े ओवरमैन विवेक रंजन (37) को जाकर लगे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। विवेक रंजन के सिर, चेहरे और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उन्हें सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. निशा टोप्पो की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घायल ओवरमैन ने बताया कि पत्थर के छोटे टुकड़े लगने और चश्मा टूट जाने से उनकी जान बच गई, वरना बड़ा पत्थर लगने पर जानलेवा चोट लग सकती थी। कर्मचारियों का आरोप है कि डोजर का टायर जर्जर था और इसे बदलने की मांग कई बार की गई थी, लेकिन प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
