Wednesday, September 30, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

30 सितंबर से पूरी तरह बंद होगा विक्रमशिला सेतु: यात्रियों के लिए लाइफलाइन बनी भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन, जानें समय और रूट

Bhagalpur Katihar Special Train Extension: भागलपुर और अंग प्रदेश की लाइफलाइन माने जाने वाले ऐतिहासिक विक्रमशिला सेतु को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण खबर सामने आ रही है. 30 सितंबर की देर रात से इस प्रमुख पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप होने जा रही है. पिलर की मरम्मत और स्थायी जीर्णोद्धार के लिए पुल को जनवरी तक के लिए पूरी तरह से बंद किया जा रहा है.

त्योहारों के इस मौसम में जब दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व सिर पर हैं, तब पुल का अचानक बंद होना लाखों यात्रियों के लिए एक बड़ी मुसीबत बन सकता था. लेकिन इस गंभीर संकट के बीच ईस्टर्न रेलवे (पूर्व रेलवे) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए आम जनता को बहुत बड़ी संजीवनी दी है.

Also Read: पटना में फिर सड़क पर उतरे हजारों अभ्यर्थी, CM आवास की ओर बढ़े तो जेपी गोलंबर पर पुलिस ने रोका

मालदा डिविजन का बड़ा फैसला, जनवरी तक बढ़ाई गई भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन की मियाद

विक्रमशिला सेतु के लंबे समय के लिए बंद होने से पैदा होने वाले संकट को देखते हुए मालदा डिवीजन और पूर्व रेलवे कोलकाता तुरंत हरकत में आ गए हैं. रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संख्या 03407/03408 (भागलपुर-कटिहार-भागलपुर स्पेशल) का परिचालन जारी रखने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है.

पहले इस विशेष ट्रेन का परिचालन केवल नवंबर के अंतिम सप्ताह तक ही निर्धारित किया गया था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर जनवरी तक कर दिया गया है. अब यह ट्रेन बिना किसी रुकावट के हर दिन पटरी पर दौड़ेगी. यह ट्रेन भागलपुर से खुलकर सुल्तानगंज, मुंगेर और खगड़िया होते हुए कटिहार तक का सफर तय करेगी. गंगा पार जाने वाले और कोसी-अंग क्षेत्र के बीच दैनिक आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए अब यह ट्रेन किसी जीवनदायिनी से कम साबित नहीं होगी.

मई में हुआ था हादसा, अब बेली ब्रिज के बाद पूरी तरह बंद हो रहा है पुल

इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि को समझें तो इस संकट की शुरुआत 3 मई की देर रात हुई थी, जब विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 34 का स्लैब अचानक गिर गया था. सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उस समय भारी बसों, ट्रकों और बड़े व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर तुरंत रोक लगा दी गई थी.

उसी वक्त रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए इस विशेष ट्रेन का परिचालन शुरू किया था. बाद में जब पुल पर बेली ब्रिज बनाया गया, तब भी भारी वाहनों के आवागमन पर पाबंदी बनी रही. अब जब पुल के स्थायी समाधान के लिए इसे पूरी तरह बंद किया जा रहा है, तो इस ट्रेन की अहमियत दस गुना अधिक बढ़ गई है.

त्योहारों पर उमड़ेगी भीड़, रेलवे बढ़ाएगा बोगियों की संख्या

30 सितंबर की देर रात से पुल बंद होते ही भागलपुर और कटिहार रूट के यात्रियों के लिए यह ट्रेन सबसे बड़ा और सुरक्षित सहारा बनेगी. हालांकि जिला प्रशासन गंगा नदी में जहाजों का परिचालन कराने की तैयारी में जुटा है, लेकिन यात्रियों के लिए ट्रेन सवारी हमेशा से सबसे सुरक्षित और सुविधाजनक माध्यम मानी जाती है. फिलहाल इस स्पेशल ट्रेन में 15 सामान्य (जनरल) बोगियां लगाई गई हैं.

आगामी दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ महापर्व के दौरान अगर यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो रेलवे इसमें अतिरिक्त बोगियां जोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है. समय-सारणी की बात करें तो यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे भागलपुर से रवाना होती है. इसके बाद कटिहार से दिन में 2:00 बजे के बाद खुलकर शाम 7:00 बजे के बाद वापस भागलपुर पहुंचती है.

Bhagalpur Katihar Special Train Extension: रेल प्रशासन का बयान और आम जनता पर राहत का असर

पूर्व रेलवे कोलकाता के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए बताया कि विक्रमशिला सेतु के बंद होने को देखते हुए ट्रेन संख्या 03407/03408 भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन का परिचालन जनवरी तक किया जाएगा.

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि यात्रियों की भीड़ में इजाफा होता है तो बोगियों की संख्या तुरंत बढ़ाई जाएगी. रेलवे के इस समयोचित कदम से न केवल आम यात्रियों, बल्कि व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.

Also Read: BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, बढ़ाए गए 932 सीट, आयोग ने जारी किया नोटिफिकेशन

The post 30 सितंबर से पूरी तरह बंद होगा विक्रमशिला सेतु: यात्रियों के लिए लाइफलाइन बनी भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन, जानें समय और रूट appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles