जदयू विधायक अनंत सिंह और MLC नीरज कुमार का विवाद सुर्खियों में है। इस बीच एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से पीके के कैंडिडेट अनुज सिंह के नामांकन में आज अनंत सिंह पहुंचे। उन्होंने अनुज सिंह के लिए खुली जीप में रोड शो भी किया। बयान दिया कि अनुज सिंह
.
अनंत सिंह जब अनुज सिंह के लिए रोड शो कर रहे थे, तभी पूर्व सीएम नीतीश कुमार के आवास पर एक बैठक हुई। बैठक में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और बिहार सरकार में डिप्टी सीएम बिजेन्द्र यादव मौजूद रहे।
यह मीटिंग 2 घंटे चली। चर्चा है कि मीटिंग में अनंत सिंह और नीरज विवाद को लेकर बातें हुई। साथ ही सीएमओ से हटे दीपक कुमार को भी लेकर बैठक में तीनों नेताओं के बीच मंथन हुआ।
अनंत सिंह के सवाल पर साधी चुप्पी
करीब दो घंटे तक चली बैठक के बाद संजय झा और बिजेंद्र यादव बाहर निकले। दोनों नेताओं ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। संजय झा से मीडिया ने जब सवाल किया कि अनंत सिंह अनुज सिंह के नामांकन में पहुंचे हैं। इस पर जदयू कार्यकारी अध्यक्ष ने कुछ नहीं कहा और हाथ जोड़कर आगे निकल गए।

पूर्व सीएम नीतीश कुमार के साथ बैठक कर निकलते जदयू कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा।
2 दिन पहले भी नीतीश तक पहुंची थी बात
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे बयानबाजी को लेकर प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार ने भी मंगलवार को पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की थी।
मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने कहा था विवाद से जुड़ी पूरी जानकारी नीतीश कुमार के संज्ञान में है। अब पार्टी इस मामले में निर्णय लेगी। इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। फिलहाल हमारी प्राथमिकता चुनाव में जीत हासिल करना है।

मंगलवार को मंत्री श्रवण कुमार औप प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने नीतीश कुमार से मुलाकात की थी।
श्रवण कुमार- पार्टी के बड़े नेता इस पर फैसला लेंगे
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा, “कौन क्या बोल रहा है, यह सब पार्टी देख रही है। सब कुछ हमारे संज्ञान में है। पार्टी की प्राथमिकता पटना स्नातक समेत विधान परिषद की सभी 8 सीटों पर NDA की जीत है। 8 की 8 सीटें NDA की झोली में जाएं, यही हमारी प्राथमिकता है।”
वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद से जुड़ी पूरी जानकारी नीतीश कुमार के संज्ञान में डाल दी गई है। उन्होंने कहा, “यह नहीं होना चाहिए, लेकिन ऐसा हो रहा है। इस मामले में पार्टी के बड़े नेता निर्णय लेंगे। क्या निर्णय लिया जाएगा, यह बाद में पता चलेगा।”
PK के कैंडिडेट के समर्थन में अनंत ने किया रोड शो
JDU विधायक अनंत सिंह के समर्थन वाले अनुज सिंह को PK ने पटना स्नातक क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। गुरुवार यानी आज अनुज सिंह नॉमिनेशन किया। उनके साथ जदयू विधायक अनंत सिंह भी साथ थे।
अनुज सिंह अनंत सिंह की 80 लाख की खुली जीप पर सवार होकर नॉमिनेशन के लिए निकले। इसे पटना में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।

अनंत सिंह ने कहा है कि, पत्रकारों ने जब उनसे सवाल किया कि नीतीश कुमार, नीरज कुमार के साथ हैं तो अनंत सिंह ने कहा कि हम किसी को नहीं जानते हैं। जनता मालिक है। मेरे कैंडिडेट की जीत तय है। इस दौरान नीतीश, निशांत और ललन सिंह जिंदाबाद के नारे लगे। अनुज सिंह के नामांकन में प्रशांत किशोर शामिल नहीं हुए। अनुज सिंह के घर पर 50 हजार रसगुल्ले बनाए गए हैं। अनंत सिंह ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि नीरज कुमार 4 विधानसभा में उनका विरोध कर चुके हैं। तब पार्टी ने कोई एक्शन नहीं लिया था।
रोड शो से जुड़ी कुछ तस्वीरें देखिए

अनंत सिंह ने आज जन सुराज के कैंडिडेट अनुज सिंह के लिए रोड शो किया।

अनंत सिंह ने दावा किया है कि अनुज की जीत पक्की है।
अब जानिए नीरज कुमार पर अनंत सिंह ने क्या आरोप लगाए हैं…
RCP सिंह नीरज कुमार के गुरु थे
अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार ने मेरे घर एके 47 रखवाई। मुझको जेल भिजवाया। हर बार चुनाव में मुझे हरवाने की कोशिश की। इस मामले में RCP सिंह ने मदद की थी। RCP सिंह नीरज कुमार के गुरु थे। अब अब उन्हें भी गाली देते हैं। वो किसी को नहीं छोड़ते हैं।
नीरज की जमानत जब्त कराऊंगा
नीरज कुमार पटना स्नातक क्षेत्र से MLC हैं और पार्टी ने उन्हें फिर से मैदान में उतारा है। वहीं, अनंत सिंह ने कहा है कि वह नीरज कुमार को हराने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे और उनकी जमानत जब्त करा देंगे।
अनंत सिंह ने नीरज कुमार को 20 करोड़ रुपए की शर्त लगाने की चुनौती भी दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर वह हार गए तो नीरज कुमार रकम रख लेंगे और अगर नीरज कुमार हार गए तो वह रकम रख लेंगे।
उन्होंने नीरज कुमार को डिबेट की चुनौती भी दी। कहा कि हनुमान मंदिर के पास कुर्सी लगाकर आमने-सामने बहस कर लें, सारा हिसाब कर देंगे।
नीरज कुमार के उस बयान पर भी अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके लिए कोई जमानत लिखने नहीं आएगा।

अनंत सिंह ने दावा किया है कि वो अनुज सिंह के लिए प्रचार भी करेंगे।
नीरज कुमार ने कहा था – अनंत सिंह मेंटली डिस्टर्ब हो गए हैं
अनंत सिंह के आरोपों पर जेडीयू MLC नीरज कुमार ने पवटवार किया था। उन्होंने जदयू विधायक को मेंटली डिस्टर्ब बताया था। नीरज कुमार ने सवाल उठाते हुए कहा, ‘कौन मुझे नेता बनाया है? कब जन्म हुआ है समता पार्टी में अनंत सिंह का? नीतीश कुमार जी के खिलाफ आपत्तिजनक बात बोलने वाला व्यक्ति।’
आगे कहा, “उन्होंने और पार्टी ने अनंत सिंह पर दया करते हुए उम्मीदवार बनाया था। अनंत सिंह कभी नीतीश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक बातें करते थे।” नीरज कुमार ने कहा, “हमने तो दया किया, पार्टी ने दया किया कि उनको उम्मीदवार बना दिया।”
नीरज और अनंत की अदावत 11 साल पुरानी, यहां जानिए मोकामा विधायक की तल्खी की पूरी वजह
- 24 जून 2015। पुटुस हत्याकांड में पटना के तत्कालीन SSP विकास वैभव ने JDU विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार किया। यह वह दौर था जब नीतीश कुमार और लालू यादव एक हो चुके थे और 5 महीने बाद विधानसभा चुनाव था।
- नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद अनंत सिंह पहली बार जेल गए थे। अनंत सिंह के करीबी इस कालखंड को उनका सबसे मुश्किल दौर बताते हैं। नवंबर 2015 में विधानसभा चुनाव हुआ तो JDU ने मोकामा सीट से अनंत सिंह को टिकट नहीं दिया। नीरज कुमार को कैंडिडेट बना दिया।
- अनंत सिंह जेल से ही निर्दलीय चुनाव लड़े और नीरज कुमार को 18,348 वोटों के अंतर से हरा दिया। इस चुनाव में नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर कई व्यक्तिगत हमले किए।
- 28 अक्टूबर 2015 को चुनाव प्रचार के दौरान नीरज ने कहा था, ‘अनंत सिंह राजनीति के नासूर और आपराधिक गिरोह के सरगना हैं। कानून उनके दरवाजे पर दस्तक दे चुका है, अब वे अपने अंतिम दिन गिन रहे हैं।’ जेल जाने के बाद अनंत सिंह ने JDU से नाता तोड़ लिया। करीब 2 साल बाद नवंबर 2017 में वह जेल से बाहर आए। इसके बाद उनकी नजदीकी RJD से बढ़ी।
- 2019 लोकसभा चुनाव में अनंत सिंह ने अपनी पत्नी नीलम देवी को मुंगेर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर ललन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़वाया। हार गईं।
- इसके बाद अनंत सिंह का दूसरा सबसे कठिन समय 2019 लोकसभा चुनाव के बाद आया। अगस्त 2019 में उनके पैतृक आवास लदमा से AK-47, कारतूस और हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। इसके बाद उन पर UAPA के तहत केस दर्ज किया गया। इस केस में उन्होंने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर किया।
- इस घटना के बाद नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर व्यक्तिगत हमला और तेज कर दिया। उन्होंने उनका नामकरण तक कर दिया। इंटरव्यू में उनको पुदिना सिंह कहकर संबोधित करने लगे।
—–
इसे भी पढ़िए..
जनसुराज कैंडिडेट के नॉमिनेशन में नीतीश-निशांत के नारे,PK नहीं पहुंचे:खुली जीप में अनुज के साथ निकले JDU विधायक अनंत सिंह; कहा- जीत तय है

JDU विधायक अनंत सिंह के समर्थन वाले अनुज सिंह को PK ने पटना स्नातक क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। गुरुवार यानी आज अनुज सिंह नॉमिनेशन किया। उनके साथ जदयू विधायक अनंत सिंह भी साथ थे। अनुज सिंह अनंत सिंह की 80 लाख की खुली जीप पर सवार होकर नॉमिनेशन के लिए निकले। इसे पटना में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें।

