![]()
मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के निधि चौक के समीप मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दो बाइक पर सवार बदमाशों ने केंद्रीय टीम का अधिकारी बताकर एक बाइक सवार व्यक्ति से 13 ग्राम की सोने की चेन और 9 ग्राम की सोने की अंगूठी ठग ली। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के संबंध में नगर थाना क्षेत्र के कैटोला निवासी विनय कुमार शुक्ला ने बुधवार को करीब 11 बजे नगर थाना परिसर में बताया कि वह दवा खरीदने के बाद थाना चौक के समीप से बाइक से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में कोतवाली चौक पर उन्होंने बाइक रोककर सेब खरीदा और फिर घर की ओर रवाना हो गए। इसी दौरान निधि चौक के समीप दो बाइक पर सवार दो व्यक्तियों ने उनकी बाइक रोक दी। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों में से एक ने उनसे कहा कि केंद्रीय टीम के अधिकारी के कहने पर बाइक क्यों नहीं रोकते हैं। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने स्वयं को केंद्रीय टीम का अधिकारी बताते हुए कहा कि मधुबनी सहित पूरे बिहार में अपराध बढ़ गया है। ऐसे में सोने के आभूषण पहनकर बाजार में नहीं घूमना चाहिए। बदमाशों ने इसी बात का भय दिखाकर विनय कुमार शुक्ला को अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद उनकी गर्दन से सोने की चेन और उंगली से सोने की अंगूठी उतरवा ली। दोनों आभूषणों को रुमाल में बांधकर झोले में रखने का नाटक किया और बाद में झोले से पत्थर भरा रुमाल निकालकर पीड़ित को थमा दिया। इसके बाद दोनों बाइक सवार बदमाश वहां से फरार हो गए। कुछ दूरी जाने के बाद विनय कुमार शुक्ला को संदेह हुआ। उन्होंने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें सोने के आभूषणों की जगह पत्थर मिले। इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मधुबनी एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार को दिन में घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
केंद्रीय अधिकारी बनकर ठगों ने सोने के जेवर लूटे:मधुबनी में 22 ग्राम सोने की चेन-अंगूठी ठगी, शिकायत दर्ज
