भास्कर इनसाइट साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को 6 अक्टूबर को सेक्टर-6 थाना क्षेत्र स्थित लाइब्रेरी ग्राउंड से पकड़ा गया। पुलिस ने इनके पास से विभिन्न बैंकों के 9 एटीएम कार्ड, वीवो के तीन चालू स्मार्टफोन और ओप्पो का एक चालू स्मार्टफोन, राजेश कुमार के नाम का आधार व पैन कार्ड, काला पर्स और 220 रुपए नकद भी मिले हैं। इस संबंध में साइबर थाना के एसआई पिंकू कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी पुस्तकालय मैदान में बैठकर ठगी की योजना बना रहे हैं। डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम पहुंची तो दो संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें दबोचा गया। आरोपियों की पहचान चास के तेलीडीह रोड स्थित महतो कॉलोनी के राहुल कुमार और लातेहार के बालूमाथ गोविंदनगर निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। खातों के एटीएम कार्ड और लिंक मोबाइल नंबर अपने पास रखते थे। साइबर ठगी से मिली रकम इन खातों में मंगवाने के बाद एटीएम से निकाल लेते थे। पुलिस ने बरामद सामान जब्त कर साइबर थाना कांड संख्या 41/2026 दर्ज किया है। दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2), 317(2), 317(5), 318(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(C)/66(D) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया। छापेमारी में सेक्टर-6 थाना के एसआई विक्रांत कुमार, साइबर थाना के एसआई गौरव गोयल, संत कुमार मेहता, सिपाही रितेश कुमार व रमेश कुमार वर्मा शामिल थे। साइबर अपराधियों का हब बनता जा रहा है बोकारो बोकारो जिले में हाल के दिनों में पुलिस ने कई साइबर अपराधियों को पकड़ा हैं। ऐसे में जाहिर होता है कि बोकारो जिला साइबर अपराधियों का हब बनते जा रहा है। क्योंकि बोकारो में किराए के मकान में रहकर साइबर अपराधी लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इसी साल जून और जुलाई माह में पुलिस ने नौ अपराधियों को गिरफ्तार की है, जो विभिन्न प्रकार से ठगी करते थे।
