![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो बुधवार को समाहरणालय सभागार में डीसी अजय नाथ झा ने दिशा (जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति) की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। इस दौरान पूर्व में दिए निर्देशों व लिए गए निर्णयों से संबंधित 107 मामलों की विभागवार और क्रमवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक मामले में हुई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिशा की बैठक में जनहित व विकास से जुड़े मामलों पर दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन जरूरी है। लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी करें। जिन मामलों में कार्रवाई पूरी हो चुकी है, उनका स्पष्ट अनुपालन प्रतिवेदन दें। लंबित मामलों में अब तक की कार्रवाई, वर्तमान स्थिति और लंबित रहने का कारण भी प्रतिवेदन में स्पष्ट रूप से दर्ज करें। समीक्षा में कुछ विभागों की रिपोर्ट नहीं मिलने पर उपायुक्त ने छूटे हुए सभी विभागों को शनिवार तक हर हाल में विस्तृत अनुपालन प्रतिवेदन जमा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों को अपने स्तर पर लंबित बिंदुओं की समीक्षा कर अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराने को कहा, ताकि दिशा के निर्देशों के अनुपालन की समेकित समीक्षा की जा सके। किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
दिशा की बैठक में दिए निर्देशों के अनुपालन की डीसी ने की समीक्षा
