![]()
नगर पंचायत परबत्ता मुख्यालय स्थित डाकघर परिसर में रविवार को कांग्रेस पार्टी के प्रखंड कार्यालय का उद्घाटन किया गया। सामूहिक रूप से फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इसके बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रियंका रानी ने दीप प्रज्वलित किया। कार्यालय खुलने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। इस मौके पर महागठबंधन के नेताओं ने संगठन की मजबूती और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अजय प्रसाद सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपने गौरवशाली अतीत के सुनहरे दौर की ओर लौट रही है। देश में बदलाव की हवा चल रही है और पार्टी को एक बार फिर जनता के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करानी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को उठाना और उनकी आवाज बनना है। संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने के लिए स्थायी कार्यालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब इस कार्यालय के माध्यम से जनहित के मुद्दों पर प्रभावी पहल की जाएगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रियंका रानी ने कहा कि कार्यालय व्यवस्थित होने से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों को भी काफी सहूलियत होगी। लोग अपनी समस्याओं को लेकर यहां पहुंच सकेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने पर जोर दिया। राजद नेता अखिलेश्वर दास ने कहा कि महागठबंधन के नेता पिछले दो दशकों से आम लोगों के हक और अधिकारों के लिए सड़क पर संघर्ष करते रहे हैं। अब इस कार्यालय के रूप में संघर्ष और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो गया है। इससे जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने में मदद मिलेगी। सीपीएम अंचल मंत्री नवीन चौधरी ने कहा कि परबत्ता की धरती भाजपा के नेतृत्व वाली दोनों सरकारों की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलनों की साक्षी रही है। नए कार्यालय से विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं को अपनी गतिविधियां संचालित करने में सुविधा मिलेगी और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। मौके पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रभाकर यादव, युवा नेता इंजीनियर राजा गुप्ता,पंकज यादव,सूरज प्रसाद यादव,अवनीश राय,फिरोज आलम,जयराम दास, श्यामलाल राम सहित कई अन्य कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे।
परबत्ता में कांग्रेस प्रखंड कार्यालय का उद्घाटन:संगठन की मजबूती और जनसमस्याओं पर संघर्ष तेज करने का संकल्प
