Tuesday, October 13, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

जन्मदिन मनाकर लौट रहे 2 दोस्तों की मौत:गिरिडीह में अज्ञात वाहन ने कुचला, 50 मीटर तक रगड़ाए, घर पहुंचने से पहले गई जान


दोस्त का जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा के पास हुई। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय सूरज तुरी और तुलसी दास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक करीब 50 मीटर दूर जा गिरी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, दुर्घटना में दोनों के हाथ भी कट गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों और स्थानीय ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा रहा। फरार वाहन की पहचान और कार्रवाई की मांग पर सड़क जाम दो युवकों की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने गिरिडीह-रांची रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान करने और उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। परिजनों का कहना था कि दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन का पता लगाना जरूरी है, ताकि दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई हो सके। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक लोगों को समझाने और मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम हटाने पर सहमति बनी। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे सड़क जाम समाप्त कर दिया गया। इसके बाद मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य होने लगा। मृतक के पिता बोले- पहले फरार वाहन को खोजे पुलिस मृतक सूरज तुरी के पिता प्रकाश तुरी ने कहा कि उनकी पहली मांग हादसे को अंजाम देकर फरार हुए वाहन को खोजने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद सड़क पर लोग मौजूद थे। इसी दौरान एक मंत्री का वाहन वहां से गुजरा, लेकिन उसे रोका नहीं गया। इस बात को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। परिजनों और ग्रामीणों की मांग थी कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक का पता लगाकर उचित कार्रवाई की जाए। हादसे में दो युवकों की मौत के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की। सड़क जाम के दौरान लोगों ने अपनी नाराजगी जताते हुए फरार वाहन को जल्द पकड़ने की मांग उठाई। पुलिस कर रही फरार वाहन की तलाश मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हुई है। घटना के बाद कुछ लोगों ने सड़क जाम किया था। पुलिस फरार वाहन की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए जांच कर रही है। अधिकारियों ने परिजनों को मुआवजा दिलाने के संबंध में भी आश्वासन दिया। हालांकि, वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles