![]()
समस्तीपुर जिले में उत्पाद विभाग ने रात्रि गश्ती के दौरान टीम ने उजियारपुर थाना क्षेत्र के एनएच-28 पर शंकर चौक के पास एक कंटेनर पकड़ा। इसमें करीब 2610 लीटर विदेशी शराब मिली, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए है। शराब को कंटेनर के अंदर रखी 4 स्कॉर्पियो कार में छिपाकर ले जाया जा रहा था। उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि टीम को कंटेनर पर शक हुआ, जिसके बाद उसे रोककर जांच की गई। जांच में कंटेनर के अंदर बंगाल, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र नंबर की चार स्कॉर्पियो गाड़ियां मिलीं। इन गाड़ियों की तलाशी लेने पर कुल 290 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने शराब और कंटेनर को जब्त कर लिया है। कागजात के आधार पर कंटेनर के मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कंटेनर को किया जब्त उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कागजात में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के शेखोपुर गांव निवासी रामवृक्ष यादव का बेटा त्रिभुवन कुमार का नाम सामने आया है। उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब यह पता लगाने की जरूरत है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, कंटेनर में 4 स्कॉर्पियो गाड़ियों को रखकर शराब ले जाने के पीछे क्या रणनीति थी, इसकी भी जांच की जा सकती है। फिलहाल उत्पाद विभाग ने शराब और कंटेनर को जब्त कर लिया है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
समस्तीपुर में कंटेनर से 40 लाख की शराब पकड़ी:अलग-अलग स्टेट की 4 स्कॉर्पियो भी लदी थी, 290 कार्टन में थी 2610 लीटर खेप
