![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो चास प्रखंड के बारपोखर पंचायत में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए दर्जनों ग्रामीण महिलाएं गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंची। महिलाओं ने पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड प्रतिनिधियों पर मनमाने तरीके से काम करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वास्तविक जरूरतमंदों को लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं, जिन लोगों को पहले ही आवास मिल चुका है, उन्हें दोबारा लाभ देने की शिकायत भी की गई है। इससे जरूरतमंद परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित हैं। मनरेगा के तहत डोभा निर्माण में भी अनियमितता का आरोप लगाया। कहा कि एक ही डोभा के नाम पर चार से पांच बार राशि की निकासी की जा रही है। निर्माण कार्य में भी नियमों का पालन नहीं किए जाने की शिकायत की गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मौके पर प्रतिमा देवी, सती देवी, सुमित्रा कुमारी, द्रोपदी देवी, चंदना कुमारी, छवि देवी, कल्पना देवी, रेवती देवी, सुनीता देवी, गुलापी देवी, पुष्पा कुमारी, बेला देवी सहित अन्य मौजूद थीं।
बारपोखर पंचायत में आवास और मनरेगा में गड़बड़ी की शिकायत लेकर पहुंची महिलाएं
