![]()
पश्चिम चंपारण जिले के नवलपुर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय किशोर का शव गन्ने के खेत में मिट्टी के नीचे दबा मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सेमरी भवानीपुर बड़ा टोला निवासी शुभान अंसारी के बेटे जाहिद अंसारी के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतक की मां शहनाजा खातून ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। करंट लगने से मौत होने की आशंका उन्होंने बताया कि गांव के फरमान अंसारी और अब्दुल रहीम अंसारी ने अपने बैंगन के खेत में नीलगाय से फसल बचाने के लिए बिजली का नंगा तार लगा रखा था। जाहिद यह देखने गया था कि नीलगाय से फसल बचाने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं। इसी दौरान वह कथित तौर पर बिजली के करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की मां का कहना है कि जाहिद के शरीर पर जलने के निशान और फफोले देखकर उन्हें बिजली का करंट लगने से मौत होने की आशंका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए शव को गन्ने के खेत में मिट्टी के नीचे छिपा दिया गया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और शव को छिपाने के पीछे की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बुधवार रात से लापता था किशोर मृतक की बहन गुलबसा खातून ने बताया कि जाहिद बुधवार की रात करीब आठ बजे घर से निकलकर सेमरी के मरकज टोला में इज्तमा की तैयारी देखने गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। गुरुवार से ही उसकी खोजबीन शुरू कर दी गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों को सरेह में स्थित एक गन्ने के खेत में ताजा मिट्टी खुदी होने और कुछ संदिग्ध साक्ष्य मिलने पर शक हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का खुलासा इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के दौरान मिट्टी के नीचे छिपाया गया शव बरामद किया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर किशोर की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। इधर इस घटना को लेकर थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर गन्ने की खेत में मिट्टी खोद कर छुपाई गई शव बरामद किया हैं। मामले की जांच की जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का खुलासा हो जाएगा।
गन्ने के खेत में मिट्टी के नीचे मिला शव:परिजनों ने बिजली के करंट से मौत की जताई आशंका
