बोकारो | दुर्गा पूजा सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बोकारो पुलिस अलर्ट है। इसी क्रम में पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल आयोजित कर उपद्रवियों से निपटने और भीड़ नियंत्रित करने का अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिस बल और उपद्रवियों के बीच काल्पनिक झड़प का दृश्य प्रस्तुत किया गया। चास के सहायक पुलिस अधीक्षक वेदांत शंकर ने बताया कि त्योहारों को लेकर सुरक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण और यातायात सुचारु रखने के लिए कुछ स्थानों पर रूट में बदलाव किया गया है। साथ ही, विभिन्न जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से आम लोगों को दी गई है। पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। मौके पर कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
