भास्कर न्यूज|लोहरदगा दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को नगर भवन, लोहरदगा में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित स्थलों पर समय से पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा समितियों तथा शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा। उन्होंने प्रतिनियुक्त क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा। उन्होंने गश्ती दलों को सघन गश्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक दो घंटे पर जिला नियंत्रण कक्ष को रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने थाना प्रभारियों को चेकनाका स्थापित कर वाहनों की जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध हथियारों तथा असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने को कहा। उन्होंने पूजा पंडालों की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। दुकानदारों से जबरन चंदा वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। वाहनों को रोककर अवैध वसूली करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। एसडीओ ने स्पष्ट किया कि प्रतिनियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हैं। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति का नियमित सत्यापन किया जाएगा। बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की जाएगी।
