![]()
सीवान शहर के पी देवी मोड़ के पास सोमवार देर शाम को एक मार्केट में भीषण आग लग गई। मार्केट में एसी, मोटर पार्ट्स समेत कई अन्य दुकानें हैं। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। शहर में मेले की भीड़ और ट्रैफिक जाम के कारण दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में देरी हुई। मौके पर करीब 14 छोटी- बड़ी दमकल की गाड़ी पहुंचीं, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना स्थल पर रुक-रुककर ब्लास्ट हो रहा था। फायर के 20 कर्मी के साथ जिला बल के लगभग 50 की संख्या में महिला- पुरुष सिपाही मौके पर तैनात किए गए थे। ताकि जाम की समस्या उत्पन्न नहीं हो सके। मौके पर डीडीसी अमिताभ सिंह, एसडीओ आशुतोष गुप्ता, सदर 1 एसडीपीओ प्रांजल, ट्रैफिक डीएसपी, साइबर डीएसपी, मुख्यालय डीएसपी मौके पर पहुंच स्थिति नियंत्रित करने में जुटे थें। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब दो घंटे बाद डीडीसी, एसडीओ, एसडीपीओ तथा कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंचीं। दमकल की जो गाड़ियां पहले पहुंची थीं, उसमें पानी कम था। आग की 2 तस्वीरें… एसी के सिलेंडर फटने से बढ़ी परेशानी आग के दौरान एसी के सिलेंडर फटने लगे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन उनमें आधा ही पानी था, इस कारण आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम हटाने के लिए SDO को किया फोन स्थानीय लोगों ने एसडीओ आशुतोष गुप्ता को फोन कर सड़क से जाम हटवाने का अनुरोध किया, ताकि दमकल की गाड़ियां आसानी से घटनास्थल तक पहुंच सकें। लोगों का कहना है कि एसडीओ ने पहले फोन नहीं उठाया। बाद में जानकारी होने की बात कहकर कॉल काट दिया। घटनास्थल पर भी नहीं पहुंचे। एसडीपीओ प्रांजल से भी फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी। आग से दुकानों को कितना नुकसान हुआ है, इस बारे में जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
सीवान-मेले में लगी आग, 3 घंटे तक अफरा तफरी रही:14 दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू, लोग बोले- फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लेट पहुंची
