![]()
पश्चिम चंपारण में बेतिया-चनपटिया मुख्य सड़क पर मुसहरी गांव के समीप गुरुवार की शाम कार और सहोदरा थाना की जीप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। सड़क पर गाड़ियों की टक्कर देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। दुर्घटना में सहोदरा थाना की महिला SI प्रतिमा दुबे समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, कार में सवार पति-पत्नी और एक बच्चे के भी घायल होने की सूचना है। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखें…. कोर्ट से नरकटियागंज जा रही थी पुलिस की गाड़ी मिली जानकारी के अनुसार, सहोदरा थाना की जिप्सी बेतिया कोर्ट से नरकटियागंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेतिया-चनपटिया मुख्य सड़क पर मुसहरी गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही कार से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-22-BS-6937 बताया गया है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया राहत अभियान दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चनपटिया थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया रेफर कर दिया गया। पुलिसकर्मी हुए घायल हादसे में घायल पुलिसकर्मियों की पहचान सहोदरा थाना की एसआई प्रतिमा दुबे, जयप्रकाश सिंह, भुवनेश्वर प्रसाद यादव और अर्पण कुमारी के रूप में हुई है। इसके अलावा कार में सवार पति-पत्नी और एक बच्चा भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मुख्य सड़क पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और कार में सवार घायलों की स्थिति से संबंधित जानकारी अभी नहीं मिल सकी है।
बेतिया में रोड एक्सीडेंट, महिला SI समेत 4 पुलिसकर्मी घायल:कार और पुलिस गाड़ी में भिड़ंत, दोनों गाड़ियों के उड़े परखच्चे

