कुड़ू| प्रखंड में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ दुर्गोत्सव मंगलवार को संपन्न हो गया। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, दुर्गा बाड़ी, मां शक्ति, मां अंबे, जय माता दी और शिव शक्ति संघ टाटी सहित कई पूजा पंडालों ने गाजे-बाजे और रंग-गुलाल के साथ शोभायात्रा निकाली। जुलूस नीचे स्टैंड, इंदिरा गांधी चौक, थाना रोड, बस पड़ाव, बाईपास रोड और ब्लॉक चौक से होते हुए नीचे स्टैंड स्थित पुराने तालाब पहुंचा। वहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते यात्रा में हिस्सा लिया। विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। थाना प्रभारी नीरज झा के नेतृत्व में प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए।

