![]()
मोतिहारी में सोशल मीडिया से शुरू हुई एक प्रेम कहानी शादी के बंधन तक पहुंच गई। छतौनी इलाके में इंस्टाग्राम पर दो साल पहले मिले आरती और देवा दास ने मंदिर में शादी कर ली। खास बात यह रही कि दोनों की शादी मोहल्ले के लोगों की पहल पर कराई गई। इस दौरान पंडित ने मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में पूरी कराईं और देवा ने आरती की मांग में सिंदूर भरा। इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर प्यार हिंडरी बाजार की रहने वाली आरती और छतौनी के देवा दास की मुलाकात करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत हुई। धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ी और फिर दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। इसके बाद दोनों चोरी-छिपे मिलने लगे। जब परिवार वालों को उनके रिश्ते की जानकारी मिली तो उन्होंने मिलने-जुलने पर रोक लगा दी। इसके बावजूद दोनों का मिलना जारी रहा। बताया जाता है कि परिवार की नाराजगी के बीच प्रेमी जोड़ा घर छोड़कर भी इधर-उधर रहने लगा। पुलिस तक पहुंचा था मामला प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद बढ़ने पर युवक की पिटाई भी हुई और मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों को समझाया और उनके माता-पिता को सौंप दिया। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गए। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों फिर मिलने लगे। आरती चोरी-छिपे देवा से मिलने पहुंचती थी और दोनों घंटों बातचीत करते थे। मोहल्ले वालों ने बुलाई पंचायत, मंदिर में कराई शादी दोनों के लगातार मिलने की जानकारी मोहल्ले के लोगों तक पहुंचती रही। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने दोनों परिवारों को बुलाकर बातचीत की। आपसी सहमति से दोनों की शादी कराने का फैसला लिया गया। इसके बाद मंदिर में विवाह की व्यवस्था की गई। मोहल्ले के लोगों ने माला मंगवाई और पंडित को बुलाया। मंत्रोच्चार के बीच देवा ने आरती की मांग में सिंदूर भरा और दोनों शादी के बंधन में बंध गए। शादी के बाद खुश दिखे दोनों शादी के बाद आरती ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि दोनों की मुलाकात दो साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। वहीं से बातचीत शुरू हुई और दोनों के बीच प्यार हो गया। आरती के मुताबिक, पहले परिवार वाले इस रिश्ते से नाराज थे, लेकिन अब सबकी रजामंदी से मंदिर में शादी हो रही है। उसने कहा कि वह इस शादी से बेहद खुश है। समाजसेवी बोले- दोनों को सही राह दिखाने के लिए लिया फैसला समाजसेवी संजीत कुमार उर्फ मुन्ना ने बताया कि मोहल्ले के लोगों को लगातार दोनों के चोरी-छिपे मिलने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद सभी ने मिलकर विचार किया कि दोनों की शादी करा दी जाए, ताकि विवाद खत्म हो और प्रेमी जोड़े को एक सही राह मिल सके।
2 साल के अफेयर के बाद मोहल्ले-वाले ने कराई शादी:Instagram पर शुरू हुई थी बातचीत, परिवार की नाराजगी पर पुलिस तक पहुंचा था मामला

