![]()
खगड़िया नगर थाना क्षेत्र के विद्याधार घाट के निकट रविवार शाम नदी में डूबने से 25 वर्षीय सफाईकर्मी राजा कुमार की मौत हो गई। वह दाननगर का रहने वाला था और सफाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। राजा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। पूजन सामग्री विसर्जन करने नदी पर गया था राजा परिजनों के अनुसार, राजा कुमार रविवार को पूजन सामग्री का विसर्जन करने के लिए नदी पर गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे डूबता देख बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी से बाहर निकाले जाने तक उसकी मौत हो चुकी थी। पत्नी बोलीं- अचानक नदी में डूब गए पति मृतक की पत्नी डोली कुमारी ने बताया कि उनके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। रविवार को अचानक वह नदी में डूब गए। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। चार छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार के सामने बड़ी चिंता खड़ी हो गई है। प्रत्यक्षदर्शी ने डायल 112 को दी सूचना प्रत्यक्षदर्शी रौशन कुमार ने बताया कि राजा को डूबते देखकर वह दौड़कर मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया। हालांकि, वह उसे बचा नहीं सके। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। घाट पर जुटी भीड़, परिवार में मचा कोहराम घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। राजा की मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने की घटना से दाननगर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
खगड़िया-नदी में डूबने से सफाईकर्मी की मौत:पूजन सामग्री विसर्जित करने गए था ; लोगों ने बचाने की कोशिश की, नहीं बची जान
