चास थाना में 22 और 23 अक्टूबर को मारपीट एवं सड़क दुर्घटना से संबंधित तीन मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें एक मामला भंड्रो डुंगरीटांड़ निवासी गणेश चन्द्र महतो के आवेदन पर दर्ज किया गया। वादी ने प्रभात कॉलोनी के खगेन दास और उनके पुत्र मुकेश दास पर आरोप लगाया कि 22 अक्टूबर की रात बाइपास रोड में दोनों ने मारपीट की और उन्हें जान से मारने की नीयत से जख्मी कर दिया। इसपर मुकेश दास के बयान पर वाहन दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे बाईपास रोड चास में बाइक (जेएच09बीपी-3222) के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए वादी के पिता को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं तीसरा मामला चास थाना के ही सिपाही संतोष कुमार यादव के बयान पर 23 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया। उक्त सिपाही ने बताया कि 23 अक्टूबर की रात धर्मशाला चौक में एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए।
