Sunday, May 3, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

कोडरमा में होली के दौरान बवाल:सड़क हादसे-मारपीट में डेढ़ दर्जन से अधिक घायल, डीजे और मामूली विवाद ने बिगाड़ा माहौल


कोडरमा जिले में होली के अवसर पर बुधवार देर शाम से रात तक अलग-अलग इलाकों में सड़क दुर्घटनाओं और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकतर मामलों में डीजे बजाने को लेकर विवाद और मामूली कहासुनी के बाद मारपीट की नौबत आ गई। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा लाया गया। चिकित्सकों ने कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। बनपोक गांव में डीजे को लेकर भिड़े दो पक्ष नवलशाही थाना क्षेत्र के बनपोक गांव में बुधवार शाम कुछ युवक डीजे बजाकर होली मना रहे थे और अबीर-गुलाल उड़ा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी शुरू कर दी, जिससे पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर नवलशाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटना में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया है। तिलैया थाना क्षेत्र में भी मारपीट और लूट की घटना इधर तिलैया थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग इलाकों में भी बीती रात मारपीट की घटनाएं हुईं, जिनमें कई लोग घायल हुए। थाना क्षेत्र के हसुआधारण में कुछ युवक बिकेंद्र कुमार के घर में घुस गए और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान उपद्रवियों ने घर से कीमती जेवरात और नकदी भी लूट ली। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग दहशत में आ गए। पीड़ित ने तिलैया थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी इन घटनाओं में असनाबाद निवासी नीरज मालाकार को सिर और चेहरे में चोट लगी है। वहीं विकास कुमार नायक, प्रदीप राज, फिरोज खान, कौशल्या देवी, कृष कुमार, बेबी कुमार, अभिमन्यु सिंह, विशुन राणा, प्यारे महतो, सागर कुमार, सत्यम कुमार, मनोज साव समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles