Wednesday, April 29, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

मोतिहारी में सिकरहना नदी से युवक का शव बरामद:ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना, मौत के बाद बॉडी फेंकने की आशंका


मोतिहारी के सुगौली थाना क्षेत्र में सिकरहना नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है। शुक्रवार को डुमरी गांव के समीप नदी में शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को संदिग्ध स्थिति में बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बेलवतिया गांव निवासी बुल्ला सहनी के पुत्र छोटेलाल सहनी के रूप में की गई है। ग्रामीणों ने देखा था शव स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा था। यह खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए और भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सुगौली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया गया। मौत के बाद शव फेंकने की आशंका पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले को हर पहलू से जांच रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसके चलते पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों दृष्टिकोणों से जांच कर रही है। स्थानीय स्तर पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत कहीं और हुई हो और बाद में शव को नदी में फेंक दिया गया हो। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
थानाध्यक्ष अनिश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा कर पाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles