![]()
भास्कर न्यूज | गिरिडीह आरके महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और राज्य का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।महाविद्यालय की छात्राएं रूपा कुमारी और पौलोमी सरकार ने विनोबा भावे यूनिवर्सिटी, हजारीबाग की ओर से आयोजित 39वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लिया। यह महोत्सव 10 से 14 मार्च तक सथ्यबामा इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, चेन्नई में आयोजित किया गया था।प्रतियोगिता में रूपा कुमारी ने हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया और पौलोमी सरकार ने वेस्टर्न सोलो और वेस्टर्न ग्रुप डांस प्रतियोगिता में भाग लेकर चतुर्थ स्थान हासिल किया।महाविद्यालय की छात्रा रिया कुमारी ने भी राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 से 16 मार्च तक नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, पश्चिम बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) राष्ट्रीय एकता शिविर में भाग लिया। इस शिविर में रिया कुमारी ने निबंध प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया और रील मेकिंग प्रतियोगिता में टीम झारखंड ने भी तृतीय स्थान हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया। छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केएन शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है, जो अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
आरके महिला महाविद्यालय की छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर पर उम्दा प्रदर्शन, सम्मानित
Date:




