![]()
धनबाद में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां सदर थाना क्षेत्र के रणधीर वर्मा चौक के पास स्थित कृषि बाजार की खंडहरनुमा दुकान में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रोहित सिंह (20) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह घटना देर रात की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की नजर जब खंडहरनुमा दुकान के नीचे खून पर पड़ी, तब इस वारदात का खुलासा हुआ। ऊपर जाकर देखने पर वहां एक युवक का शव मिला। बताया जा रहा है कि रोहित सिंह कई वर्षों से इसी खंडहरनुमा दुकान में रहकर जीवन यापन कर रहा था। बचपन से ही रोहित खंडहरनुमा दुकान में रह रहा था स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, रोहित सिंह लगभग 20 वर्ष का था और बचपन से ही वहीं रह रहा था। वह रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद दुकान में सोने चला गया था। सुबह उसकी हत्या की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से कई अहम सुराग भी मिले हैं। सीढ़ियों पर खून से सने चप्पल के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस अधिकारी रामेश्वर राम ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस निर्मम हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
धनबाद के कृषि बाजार में युवक की हत्या:खंडहरनुमा दुकान में मिला शव, सीढ़ियों पर खून से सने चप्पल के निशान पाए गए
Date:




