Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

दरभंगा में ईद पर प्रशासन अलर्ट, दंडाधिकारियों की तैनाती:नमाज के बाद गले लगाकर दी मुबारकबाद, जेडीयू विधायक ईदगाह पहुंचे; सीसीटीवी से निगरानी


दरभंगा जिले में बड़े ही उल्लास से ईद मनाई गई। शहर के प्रमुख ईदगाह और मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक तौर पर देश में अमन-चैन, तरक्की और आपसी सौहार्द के लिए दुआ मांगी। एक-दूसरे से गले मिलकर त्योहार की खुशियां साझा की। पूरे जिले में उत्सव का माहौल बना रहा। जेडीयू विधायक राजेश कुमार मंडल नाका नंबर-2 ईदगाह पहुंचे। लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व प्रेम, त्याग, शांति और भाईचारे का संदेश देता है। क्षेत्र की जनता के स्नेह और आशीर्वाद से उन्हें विधायक बनने का अवसर मिला है। इसके लिए सभी का शुक्रिया, आपके सुख-दुख में हमेशा खड़ा रहूंगा। शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम ईद पर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष के साथ दंडाधिकारी के तौर पर सहायक मद्य निषेध उत्पाद अधिकारी प्रदीप कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल में नमाज संपन्न हुई। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस अलर्ट मोड में है। अलग-अलग इलाकों में शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि जिलेभर में ईद को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थी। करीब 180 जगहों पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई, जबकि नगर निगम को नमाज स्थलों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है। चैती छठ और रामनवमी पर्व को लेकर सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। 12 बाइक पेट्रोलिंग टीम तैनात एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने बताया कि जिले में करीब 400 संवेदनशील स्थलों की पहचान की गई है। वहां अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। 12 बाइक पेट्रोलिंग टीम और 8 क्यूआरटी टीमों का गठन किया गया है, जबकि एक कंपनी रिजर्व में रखी गई है। सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। जहां जरूरत है, वहां अतिरिक्त कैमरे लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles