![]()
गढ़वा| जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रेहला में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा उपस्थित थे। समारोह के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रेहला के प्रभारी प्राचार्य अलाउद्दीन को सम्मानित किया गया। मौके पर अलाउद्दीन ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जिला शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा किए जा रहे अथक प्रयास, मार्गदर्शन एवं नेतृत्व ने न केवल संस्थान को नई दिशा दी है। बल्कि हम सभी को भी प्रेरित किया है कि हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करें। उनकी कड़ी मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच का ही यह सुखद परिणाम है कि आज यह सम्मान प्राप्त हुआ है। गढ़वा| शहर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सामाजिक संस्था यंग जायंट्स ऑफ गढ़वा के तत्वावधान में कृषि बाजार समिति गढ़वा के प्रांगण में पनशाला का उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, मजदूरों एवं जरूरतमंद लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। संस्था के सदस्यों द्वारा 101 गमछों का वितरण गरीब एवं जरूरतमंद मजदूर भाइयों के बीच किया गया। लोगों ने कहा कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों की मदद करने की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में यंग जायंट्स गढ़वा के अध्यक्ष मनीष कुमार केशरी, उपाध्यक्ष प्रियांशु केसरी, कोषाध्यक्ष राहुल केसरी एवं आंतरिक उपाध्यक्ष देव केसरी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि यंग जायंट्स ऑफ गढ़वा द्वारा पूर्व में भी कई सराहनीय सामाजिक कार्य किए जा चुके हैं।

