![]()
पूर्वी चंपारण में एलपीजी गैस की कथित किल्लत की खबरों के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिले के प्रभारी सचिव सह खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने इस संबंध में जिला पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में जिलाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक (SP), सभी अनुमंडल पदाधिकारी (SDM), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) और गैस-पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अनावश्यक रूप से घबराहट का माहौल बैठक में गैस की उपलब्धता, मूल्य नियंत्रण और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सचिव अभय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर अनावश्यक रूप से घबराहट का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग गैस एवं पेट्रोलियम कंपनियों के लगातार संपर्क में है और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने पर जोर सचिव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गैस की कालाबाजारी या जमाखोरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सचिव ने वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि कुछ क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इस पर सचिव ने आश्वासन दिया कि विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य किया जाएगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अफवाहों पर ध्यान न दें-प्रशासन प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी समस्या या शिकायत की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।

