Thursday, May 28, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

बेगूसराय में ट्रांसफार्मर की चिंगारी से लगी आग:35 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख; बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप


बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित मोख्तियारपुर पंचायत के भावा बहियार में आज दोपहर आग लग गई। बिजली के ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 30 से 35 बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना के बाद से प्रभावित किसानों के घरों में मातम का माहौल है। दोपहर के समय पछुआ हवा अपनी पूरी रफ्तार पर थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेत के पास स्थित एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी सीधे सूखी फसल पर जा गिरी। गर्मी और तेज हवा के कारण आग ने चंद मिनटों में ही भयावह रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर के गांवों से धुआं दिखाई देने लगा। जिसमें बदिया, विशनपुर और मोख्तियारपुर गांवों के किसानों को क्षति पहुंची है। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण और किसान दौड़ पड़े। आग की लपटें इतनी तेज थी कि पास जाना भी मुश्किल था, लेकिन हिम्मत हारने के बजाय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। किसी ने बोरिंग चलाकर पानी का इंतजाम किया, तो कोई मिट्टी और हरा जंगल लेकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गया। सूचना मिलने पर डायल-112, भगवानपुर थाना और फायर ब्रिगेड पहुंची। लेकिन अग्निशमन दस्ता के पहुंचने तक ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। बाद में दमकल कर्मियों ने शेष बची हुई आग को पूरी तरह बुझाया, जिससे दोबारा चिंगारी नहीं भड़के। पंचायत समिति सदस्य उमेष दास ने बताया कि अगर ग्रामीण तत्परता नहीं दिखाते, तो यह आग बगल के दूसरे बहियारों और पंचायतों तक पहुंच सकती थी, जिससे नुकसान का आंकड़ा सैकड़ों बीघे में जा सकता था। आग की चपेट में आए किसानों में से करीब 90 प्रतिशत बटाईदार या ठेका पर खेती करने वाले किसान हैं। इन्होंने कर्ज लेकर दिन-रात एक कर फसल तैयार की थी। पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से अविलंब नुकसान का सर्वे कराकर पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि उनकी पूरी मेहनत और पूंजी मिट्टी में मिल गई है। बिजली विभाग की लापरवाही से जर्जर तार और ट्रांसफार्मर के कारण यह दुखद समय देखना पड़ा है, इसलिए विभाग को भी इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles