Wednesday, May 27, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

किशनगंज में हनुमान जयंती पर 'जय श्रीराम' का जयघोष:10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, भजन-कीर्तन का आयोजन


किशनगंज शहर की रेलवे कॉलोनी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ी। शाम तक 10,000 से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। पूजा-अर्चना का सिलसिला निरंतर चलता रहा, जिसमें भक्तों की भक्ति भावना स्पष्ट दिखी। रेलवे कॉलोनी हनुमान मंदिर को किशनगंज का सबसे प्राचीन मंदिर माना जाता है। हनुमान चालीसा पाठ और आरती का आयोजन हनुमान जयंती चैत्र पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है, जो इस वर्ष 2 अप्रैल को थी। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हनुमान चालीसा पाठ और आरती का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारियों ने लगातार हवन और पूजा का सिलसिला बनाए रखा, जिसमें भक्तों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस पावन अवसर पर मंदिर कमेटी ने भव्य तैयारी की थी। मंदिर परिसर को फूलों, झंडियों और रोशनी से सजाया गया। प्रवेश द्वार पर स्वागत गेट लगाया गया और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। स्थानीय प्रशासन की ओर से भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। दोपहर तक मंदिर में भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती रही। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी परिवार सहित दर्शन के लिए पहुंचे। कई भक्त दूर-दराज के इलाकों से पैदल या वाहनों से आए। कुछ भक्तों ने मंदिर में दान-पुण्य भी किया। मंदिर कमेटी की ओर से हलवा-पूड़ी और फल सहित प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। भक्तों ने लगाए ‘जय हनुमान’ के नारे संध्या समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों और भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। भक्त ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के नारे लगाते हुए भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम में रामायण से जुड़े प्रसंगों का वाचन भी किया गया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बैजू कुमार सिंह और सदस्यों ने बताया कि यह मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक सद्भाव का प्रतीक भी है। यहां सभी वर्गों के लोग आते हैं और एक साथ भक्ति करते हैं। सबसे प्राचीन होने के कारण इस मंदिर की विशेष मान्यता है। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए रात तक और अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने कहा कि हनुमान जयंती उनकी आस्था का केंद्र है। बजरंगबली की कृपा से सभी संकट दूर होते हैं। मंदिर में सफाई, प्रकाश और बैठने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। कई युवाओं ने स्वयंसेवी के रूप में सेवा की, जिससे आयोजन सुचारू रूप से चला। हनुमान जयंती का यह उत्सव किशनगंजवासियों के लिए हर वर्ष एक बड़ा आयोजन बन गया है। रेलवे कॉलोनी मंदिर में उमड़ी इस भारी भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भक्ति की शक्ति कितनी विशाल होती है। भजन-कीर्तन के साथ कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसमें सैकड़ों भक्त शामिल रहे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles