![]()
भास्कर न्यूज|गुमला गुमला के सरकारी विभागों पर नगर परिषद का दो करोड़ से अधिक होल्डिंग टैक्स का बकाया है। साथ ही सवा करोड़ की चार सिटी बसें कबाड़ में तब्दील हो रही है। उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने इसपर आश्चर्य जताया और अधिकारियों-जनप्रतिनि धियों की मौजूदगी में नगर परिषद की आहुत पहली बैठक में इसपर बात रखी। उन्होंने इसे राजस्व प्राप्ति का बेहतर जरिया बताते हुए सरकारी विभागों से टैक्स वसूलने और बसों का संचालन सड़कों पर कराने पर जोर दिया। दरअसल नप में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत सह परिचय बैठक आहूत हुआ। जिसमें जनप्रतिनिधियों को ईओ मनीष कुमार के द्वारा कार्यालय अंतर्गत सभी बिंदुओं जैसे शहर में स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, जलापूर्ति, राजस्व, उपलब्ध संसाधन व संपत्ति आदि की जानकारी का संक्षिप्त वर्णन किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष ने बस व टैक्स बकाया पर सवाल किया। इसपर ईओ ने हाल में सरकारी विभागों से प्राप्त राजस्व की जानकारी दी और बसों के संचालन को सुचारू करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बाबत बताया। इससे पूर्व ईओ ने सभी का अभिनंदन किया और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को पुष्प गुच्छ भेंट किया गया। उसके उपरांत अध्यक्ष के द्वारा सभी वार्ड पार्षदों को पुष्प गुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया गया। सभी को म्यूनिसिपल एक्ट की पुस्तक, डायरी व कलम भी प्रदान की गई और कार्यालय कर्मियों से परिचय कराया गया। अंत में बताया गया कि नप बोर्ड की पहली बैठक 9 अप्रैल को होगी। मौके पर अध्यक्ष शकुंतला उरांव, उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी, ईओ मनीष कुमार, एई मनीष कुमार, सिटी मैनेजर हेलाल अहमद, मनीषा प्रियंका, पार्षद संगियस तिर्की, केके मिश्रा, प्रवीण टोप्पो, लखन राम, साजिद मंजूर, मधु मेरिना लकड़ा, अनिल यादव, जिसान, फैजान अंसारी, जयराम इंदवार, दिलीप भगत, रीता प्रभा खलखो, उमा देवी, नेहा लकड़ा, हेमलता देवी, विजेता मिंज, नूतन रानी, शैल मिश्रा व मनीष कुमार साहू सहित कार्यालय के ब्रजेश, रौनक आदि लोग थे। अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी को मिलकर नगर परिषद क्षेत्र का विकास करना है। नगर परिषद क्षेत्र को साफ, सुंदर व स्वच्छ बनाना हमारी प्राथमिकता होगी। इस क्रम में उपाध्यक्ष के द्वारा सभी का स्वागत करते हुए कहा गया है कि यहां सभी जाति धर्मों का समागम है। हमें उससे ऊपर उठकर सिर्फ विकास की बात करनी है और मिलकर विकास करना है। भविष्य में नगर की सभी समस्याओं को वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर समाधान करेंगे। जिसके बाद सभी वार्ड पार्षदों के द्वारा अपना संबोधन करते हुए मिलकर काम करने की बात कही गई। नप के सभाकक्ष में पार्षदों का नेम प्लेट क्रमवार तरीके से रखा गया था। इस दौरान 21 वार्ड की पार्षद शैल मिश्रा का नेम प्लेट हटाकर दूसरे जगह पर रख दिए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। हालांकि वो क्रमवार तरीके से बैठी भी नहीं। वहीं कई पार्षद पहली बार इस प्रकार के बैठक का हिस्सा बनकर उत्साहित दिखे। दो महिला पार्षद मुसर्रत प्रवीन और जसवंत कौर शामिल नहीं हो सकी। नगर परिषद के खजाने में अभी दो करोड़ से अधिक की राशि पड़ी हुई है। इसके अलावे विभिन्न माध्यमों से राजस्व संग्रह किए जा रहे है। ऐसे में इस राशि को जनहित के कार्यों पर खर्च किया जाएगा।

