
धनबाद में सोमवार से जिले की सभी 256 पंचायतों के मुखियाओं के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम की शुरुआत हुई. यह प्रशिक्षण राजकीय पॉलिटेक्निक, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी और सदर अस्पताल स्थित एमटीसी ट्रेनिंग हॉल में आयोजित किया जा रहा है.
उप विकास आयुक्त ने किया निरीक्षण
उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने राजकीय पॉलिटेक्निक पहुंचकर प्रशिक्षण का निरीक्षण किया. उन्होंने मुखियाओं को प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारियों को गंभीरता से समझने और पंचायत स्तर पर उसे लागू करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारने और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया.
विस्तार से जानकारी दी जा रही
प्रशिक्षण सत्र में पंचायत प्रतिनिधियों को उनके अधिकार एवं दायित्व, ग्राम पंचायत की प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियां, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी के महत्व की विस्तार से जानकारी दी जा रही है.
प्रखंडवार विभाजित की गयी है ट्रेनिंग
प्रशिक्षण को प्रखंडवार विभाजित किया गया है. राजकीय पॉलिटेक्निक में बाघमारा, बलियापुर और पूर्वी टुंडी के मुखियाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है. वहीं बीबीएमकेयू में टुंडी, तोपचांची और गोविंदपुर तथा एमटीसी ट्रेनिंग सेंटर में निरसा, एगारकुंड, कलियासोल और धनबाद प्रखंड के मुखियाओं के लिए सत्र आयोजित हैं. तीनों प्रशिक्षण केंद्रों में 8 अप्रैल तक कार्यक्रम जारी रहेगा.
The post Dhanbad News: 256 पंचायतों के मुखिया के लिए तीन दिवसीय ट्रेनिंग शुरू appeared first on Prabhat Khabar.

