![]()
मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद कई परिवार प्रभावित हुए हैं। इसी क्रम में मृतक लड्डू साह की बेटी रानी कुमारी ने शराब तस्करों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। रानी ने कहा कि उसके पिता की मौत के लिए जहरीली शराब बेचने वाले जिम्मेदार हैं और ऐसे अपराधियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। लड्डू ही पूरे परिवार का एकमात्र सहारा था
लड्डू साह की मौत के बाद जब दैनिक भास्कर की टीम उनके घर पहुंची, तब तक गांव के लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा चुके थे। घर पर उनकी वृद्ध मां, बीमार पत्नी और पांच बेटियां मौजूद थीं। परिवार गहरे सदमे में था। लड्डू की मां ने बताया कि चार साल पहले उनके पति का निधन हो गया था। तब से लड्डू ही पूरे परिवार का एकमात्र सहारा था। वह दिन-रात मेहनत कर घर का खर्च चलाता था और अपनी पत्नी, बच्चों तथा मां का भरण-पोषण करता था। तस्करों ने जहरीली शराब बेचकर पिता की जान ली
लड्डू की आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी रानी कुमारी ने कहा कि वह पढ़-लिखकर कुछ बनना चाहती थी, लेकिन पिता का साया उठने से उसके सपने अधूरे रह सकते हैं। उसने आरोप लगाया कि शराब तस्करों ने जहरीली शराब बेचकर उसके पिता की जान ले ली। रानी ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। रानी ने बताया कि पिता की मौत के बाद उनका परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। पढ़ाई तो दूर, अब खाने के लिए भी समस्या खड़ी हो गई है। ललिता देवी पति की मौत के बाद से सदमे में
लड्डू की पत्नी ललिता देवी पति की मौत के बाद से सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी बीमार रहती हैं और पति ही घर की सारी जिम्मेदारियां संभालते थे। अब बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा, यह उनके लिए एक बड़ा सवाल है। उन्होंने सरकार से आर्थिक मदद की अपील की ताकि उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके। परिवार की सबसे छोटी बच्चियों को अभी यह ठीक से समझ नहीं आया है कि उनके पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है।


